Greater Noida News /भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी चुनावों के मद्देनजर अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को ग्रेटर नोएडा के एक निजी होटल में भाजपा की पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय कार्यसमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप
में मौजूद भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर वोटर लिस्ट की गहन समीक्षा करने और फर्जी मतदाताओं के नाम कटवाने का निर्देश दिया।

फर्जी मतदाताओं का मुद्दा छाया रहा
बिहार में फर्जी मतदाताओं को लेकर चल रही बहस के बीच, ग्रेटर नोएडा में हुई इस बैठक में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठा। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा, “पदाधिकारी अपने-अपने बूथों पर वोटर लिस्ट को स्वयं देखें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी फर्जी मतदाता सूची में न रहे। ऐसे सभी नामों को तत्काल हटवाया जाए।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी का हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ स्तर पर उसकी सक्रियता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
राष्ट्रहित सर्वोपरि
धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोच्च रखना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना ही हमारा मुख्य ध्येय है। उन्होंने पदाधिकारियों से 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाने और संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन करने का भी आह्वान किया। साथ ही, बैठक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भी समीक्षा की गई।
आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार
इस बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 19 जिलों के जिलाध्यक्ष और प्रभारी शामिल हुए। इनमें गौतमबुद्धनगर, नोएडा महानगर, गाजियाबाद जिला व महानगर, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ जिला व महानगर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, संभल, मुरादाबाद जिला व महानगर और अमरोहा के पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। महामंत्री संगठन ने इन सभी के साथ आगामी पार्टी कार्यक्रमों और अभियानों को गति देने के लिए विस्तृत चर्चा कर रणनीति तैयार की।
मंच पर दिग्गजों का जमावड़ा
बैठक के दौरान मंच पर कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर, प्रदेश उपाध्यक्ष कांता कर्दम, प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन सिंह, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा और क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर शामिल थे।

