GREATER NOIDA / भारतीय टॉक न्यूज़ (संवाददाता) : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित बिसरख कोतवाली क्षेत्र के रोजा जलालपुर गांव में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहाँ एक युवक ने पहले अपनी पत्नी और छह वर्षीय मासूम साले की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
मूल रूप से पीलीभीत के गजरौला के रहने वाले नारायण लाल, रोजा जलालपुर गांव में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। उनका 22 वर्षीय दामाद पप्पू लाल करीब 10 दिन पहले ही अपनी पत्नी जसवंती (21) के साथ पीलीभीत से उनके पास रहने आया था। सोमवार को नारायण लाल और उनकी पत्नी काम पर गए हुए थे। घर पर पप्पू, उसकी पत्नी जसवंती और उसका 6 साल का साला तेज प्रकाश ही मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब साढ़े चार बजे किसी अज्ञात बात को लेकर पप्पू का अपनी पत्नी से विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि पप्पू ने आपा खो दिया और जसवंती पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने मासूम साले तेज प्रकाश को भी नहीं बख्शा और उसे भी मौत के घाट उतार दिया।
दो हत्याओं के बाद खुद को किया खत्म
पत्नी और साले की हत्या करने के बाद पप्पू ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और पंखे के हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब शाम को नारायण लाल और उनकी पत्नी काम से लौटे तो घर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में मानसिक तनाव की बात
घटनास्थल पर पहुंचे डीसीपी सेंट्रल नोएडा, शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह और युवक के मानसिक तनाव से जुड़ा लग रहा है। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि पप्पू लाल पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।
मातम में बदला शादी का माहौल
इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। नारायण लाल के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि पप्पू और जसवंती की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी और परिवार में खुशी का माहौल था। उन्हें इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि जो दामाद कुछ दिन पहले ही घर आया है, वह इतना खौफनाक कदम उठा सकता है।

