Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़ : समाजवादी पार्टी (सपा) ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में अपने पुराने कार्यकर्ता श्याम सिंह भाटी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह बड़ा निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व राज्यसभा सांसद अरविंद कुमार सिंह द्वारा जारी किए गए निष्कासन पत्र के माध्यम से लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है, और ऐसी भी चर्चा है कि कुछ अन्य सदस्यों पर भी जल्द ही गाज गिर सकती है।
मासिक बैठक में हुआ था हंगामा, गाली-गलौज और मुकदमा दर्ज
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक का आयोजन सूरजपुर स्थित जिला कार्यालय पर किया गया था। इस बैठक के दौरान कुछ मुद्दों को लेकर जमकर हंगामा हुआ था, जिसमें कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज भी की थी। बताया जा रहा है कि श्याम सिंह भाटी भी इस हंगामे में शामिल थे और बाद में उन्होंने पार्टी के एक कार्यकर्ता के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था।
पार्टी हाईकमान ने लिया संज्ञान, जांच के बाद हुई कार्रवाई
जिले के नेताओं ने इस पूरे मामले की शिकायत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से की थी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए थे। जांच पूरी होने के बाद श्याम सिंह भाटी के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की गई है।
जिलाध्यक्ष ने दी जानकारी, अन्य कार्रवाई की भी संभावना
पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि संगठन की बैठक में हुए हंगामे की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंची थी। उन्होंने संभावना जताई कि यह कार्रवाई उसी मामले से संबंधित है। फिलहाल, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से इस संबंध में और जानकारी ली जा रही है। पार्टी द्वारा लिए गए इस कठोर निर्णय से पार्टी के भीतर अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया गया है।