ताऊ-भतीजा हत्याकांड: एनकाउंटर के डर से मुख्य आरोपी प्रिंस भाटी ने दिया चकमा, बुलंदशहर कोर्ट में किया सरेंडर

Uncle-nephew murder case: Fearing encounter, main accused Prince Bhati dodged the case and surrendered in Bulandshahr court.

Partap Singh Nagar
4 Min Read
ताऊ-भतीजा हत्याकांड: एनकाउंटर के डर से मुख्य आरोपी प्रिंस भाटी ने दिया चकमा, बुलंदशहर कोर्ट में किया सरेंडर

Greater Noida /भारतीय टॉक न्यूज़: नोएडा के जारचा कोतवाली क्षेत्र स्थित सैंथली गांव में हुए चर्चित ताऊ-भतीजा हत्याकांड ने एक नया मोड़ ले लिया है। मामले का मुख्य आरोपी प्रिंस भाटी, जिसे पकड़ने के लिए जारचा पुलिस की चार टीमें दिन-रात दबिश दे रही थीं, उसने एनकाउंटर के डर से पुलिस को चकमा देते हुए गुपचुप तरीके से गैर जनपद में आत्मसमर्पण कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रिंस भाटी ने बीते शनिवार को बुलंदशहर की एक अदालत में आत्मसमर्पण किया। आरोपी को डर था कि गौतम बुद्ध नगर पुलिस (जारचा कोतवाली) उसे मुठभेड़ में मार सकती है। इसी खौफ के चलते उसने दूसरे जिले की अदालत में सरेंडर करने की योजना बनाई। बुलंदशहर कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में लेते हुए बुलंदशहर की जिला जेल भेज दिया है।

हत्याकांड के आठ दिन बाद हुए इस नाटकीय आत्मसमर्पण से जारचा कोतवाली पुलिस को बड़ा झटका लगा है, जो आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

क्या था पूरा मामला?

ज्ञात हो कि दिवाली के दिन सैंथली गांव में नाली के पानी को लेकर एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। आरोप है कि पड़ोसी प्रिंस भाटी ने अपने गैंगस्टर साथियों, बॉबी तोमर और मनोज नागर व अन्य के साथ मिलकर, सीआईएसएफ से सेवानिवृत्त दारोगा अजय पाल (55) और उनके भतीजे दिपांशु भाटी (21) की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी।

इस दोहरे हत्याकांड के बाद मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। मृतक अजय पाल के भाई ने प्रिंस भाटी समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

परिजनों ने की थी एनकाउंटर की मांग

घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी प्रिंस भाटी फरार था। इंसाफ और सुरक्षा की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने धरना प्रदर्शन भी किया था। परिजनों ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी या एनकाउंटर करने की मांग की थी। पुलिस आयुक्त ने भी परिवार को कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

अब रिमांड पर लेने की तैयारी में पुलिस

मुख्य आरोपी के बुलंदशहर जेल में होने की सूचना मिलते ही जारचा कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई है। जारचा कोतवाली प्रभारी सुमनेश कुमार ने बताया कि आरोपी के सरेंडर की जानकारी मिली है। पुलिस ने बुलंदशहर जेल प्रशासन से संपर्क साधकर आरोपी के संबंध में सूचना मांगी है।

पुलिस अब आरोपी प्रिंस भाटी को पूछताछ के लिए अपनी कस्टडी में लेने की कानूनी तैयारी कर रही है। इसके लिए जल्द ही अदालत में प्रोडक्शन वारंट के लिए अर्जी दी जाएगी, जिसके बाद पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग करेगी। यदि रिमांड नहीं मिलती है, तो पुलिस अदालत से अनुमति लेकर जेल में ही आरोपी से पूछताछ कर सकती है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *