UP ATS का बड़ा खुलासा: लखनऊ को दहलाने की फिराक में थे 4 आतंकी; गौतमबुद्ध नगर के ‘लोकेश’ और ‘विकास’ भी गिरफ्तार

यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर काम करने वाले 4 आतंकियों को लखनऊ से पकड़ा। इनमें से 2 आरोपी छपरौला (गौतमबुद्ध नगर) के रहने वाले हैं।

Partap Singh Nagar
4 Min Read
UP ATS का बड़ा खुलासा: लखनऊ को दहलाने की फिराक में थे 4 आतंकी; गौतमबुद्ध नगर के 'लोकेश' और 'विकास' भी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा/लखनऊ | भारतीय टॉक न्यूज़ : उत्तर प्रदेश एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (UP ATS) ने देश विरोधी गतिविधियों और बड़ी आतंकी साजिश का भंडाफोड़ करते हुए चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए आरोपियों में से दो गौतमबुद्ध नगर (छपरौला और औरंगाबाद) के रहने वाले हैं। ये सभी आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और देश विरोधी हैंडलर्स के इशारे पर लखनऊ रेलवे स्टेशन सहित देश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों को दहलाने की खौफनाक साजिश रच रहे थे।

चारबाग रेलवे स्टेशन को उड़ाने की थी फिराक

एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश के मुताबिक, एटीएस को खुफिया इनपुट मिले थे कि यह मॉड्यूल लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन और उसके आसपास विस्फोट व आगजनी करने की फिराक में है। आरोपी रेलवे संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाकर दहशत फैलाना चाहते थे। पुख्ता जानकारी के बाद एटीएस की टीमों ने जाल बिछाया और लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास से ही चारों अभियुक्तों को दबोच लिया।

UP ATS का बड़ा खुलासा: लखनऊ को दहलाने की फिराक में थे 4 आतंकी; गौतमबुद्ध नगर के 'लोकेश' और 'विकास' भी गिरफ्तार

पाकिस्तान से जुड़े थे तार, मेरठ का नाई है सरगना

पकड़े गए मॉड्यूल का मास्टरमाइंड मेरठ के अगवानपुर (परीक्षितगढ़) का रहने वाला साकिब उर्फ डेविल है। साकिब पेशे से नाई का काम करता है, लेकिन वह टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स और कट्टरपंथी संगठनों के सीधे संपर्क में था। इस नेटवर्क में मेरठ का ही उसका एक अन्य साथी अरबाब भी पूरी तरह सक्रिय था।

गौतमबुद्ध नगर के दो युवक पैसों के लालच में बने मोहरे

साकिब और अरबाब ने गौतमबुद्ध नगर के दो स्थानीय युवकों को अपने जाल में फंसाया:

🔸लोकेश उर्फ पपला पंडित: छपरौला की राम विहार कॉलोनी का रहने वाला है। वह नशे का आदी है और बेलदारी का काम करता है। घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है, माता-पिता बीमार रहते हैं और बड़ा भाई बीए का छात्र है।

🔸 विकास गहलावत उर्फ रौनक: यह भी मूल रूप से छपरौला का है, लेकिन औरंगाबाद में ज्यादा समय बिताता था और वहीं से आता-जाता रहता था।

इन दोनों को साकिब ने सोशल मीडिया के जरिए पैसों का तगड़ा लालच देकर अपने साथ जोड़ा था। ये दोनों आरोपी गाजियाबाद, अलीगढ़ और लखनऊ जैसे शहरों की रेकी करके खुफिया जानकारियां पाकिस्तान भेज रहे थे, जिसके बदले इन्हें डिजिटल माध्यमों (QR कोड) से पैसे ट्रांसफर किए जाते थे।

नेताओं की रेकी और देशव्यापी दहशत फैलाने का था प्लान

पूछताछ में सामने आया है कि यह खतरनाक मॉड्यूल देश भर में रेलवे सिग्नल बॉक्स, एलपीजी सिलेंडर से भरे वाहनों और प्रतिष्ठित संस्थानों में आगजनी कर देशव्यापी दहशत फैलाने की योजना बना रहा था। इसके अलावा आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के कई बड़े राजनेताओं की भी रेकी की थी। एटीएस अब इन दोनों स्थानीय आरोपियों के बैकग्राउंड और इनके बैंक ट्रांजैक्शन की गहनता से छानबीन कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

🔸साकिब उर्फ डेविल (निवासी: अगवानपुर, परीक्षितगढ़, मेरठ) – सरगना

🔸 अरबाब (निवासी: अगवानपुर, परीक्षितगढ़, मेरठ)

🔸विकास गहलावत उर्फ रौनक (निवासी: छपरौला, गौतमबुद्ध नगर)

🔸 लोकेश उर्फ पपला पंडित उर्फ बाबू (निवासी: छपरौला, गौतमबुद्ध नगर)

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *