Greater Noida News/ भारतीय टॉक न्यूज़: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) को अब नया नेतृत्व मिल गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राकेश कुमार सिंह को यमुना प्राधिकरण का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का सीईओ भी बनाया गया है।
अब तक इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे अरुणवीर सिंह वर्ष 2020 में सेवानिवृत्त हो चुके थे, लेकिन सरकार ने उन्हें सेवा विस्तार देते हुए सात बार पद पर बनाए रखा। लंबे समय तक कार्य करने के बाद अब यह जिम्मेदारी नए हाथों में सौंप दी गई है।
राकेश कुमार सिंह का प्रशासनिक अनुभव
राकेश कुमार सिंह वर्तमान में मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे गाजियाबाद के जिलाधिकारी, तथा नगर निगम के नगर आयुक्त जैसे अहम प्रशासनिक पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए सरकार ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
राज्य सरकार के इस कदम को यमुना क्षेत्र में औद्योगिक और अवसंरचना विकास को नई गति देने के रूप में देखा जा रहा है। जेवर एयरपोर्ट, यमुना सिटी और अन्य विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अब एक अनुभवी अधिकारी की अगुवाई से उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।