ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 89वीं बोर्ड बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष आलोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विकास का खाका खींचते हुए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। प्राधिकरण ने जेवर एयरपोर्ट के आसपास निवेश और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 11,82,969 लाख रुपये की प्राप्तियों का बजट प्रस्तावित किया है। सबसे महत्वपूर्ण फैसला भूखंडों की कीमतों को लेकर रहा; मुद्रास्फीति (Inflation) को देखते हुए प्राधिकरण ने आवासीय, औद्योगिक, व्यावसायिक और संस्थागत श्रेणियों की आवंटन दरों में 3.58 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी है। यह नई दरें आगामी 1 अप्रैल 2026 से लागू हो जाएंगी।
भूमि अधिग्रहण पर 8 लाख करोड़ का खर्च, जेवर में बनेगा हाई-टेक ट्रैफिक पार्क
यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बजट का बड़ा हिस्सा यानी 8,00,000 लाख रुपये भूमि अधिग्रहण के लिए आवंटित किया गया है, जिससे भविष्य की परियोजनाओं के लिए जमीन का बैंक तैयार किया जा सके। इसके अलावा, विकास और निर्माण कार्यों पर 2,01,193 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बैठक में सामाजिक सरोकार से जुड़ा एक और अहम फैसला लिया गया, जिसके तहत जेवर क्षेत्र में ‘होंडा इंडिया फाउंडेशन’ के सहयोग से एक अत्याधुनिक “Traffic Park cum Training Centre” स्थापित किया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराएगा। वहीं, इंफोटेक पार्क प्रोजेक्ट के बिड डॉक्यूमेंट में भी संशोधन किया गया है ताकि वैश्विक निवेशकों को लुभाया जा सके। इन फैसलों से यमुना सिटी में रोजगार और निवेश के नए द्वार खुलने की उम्मीद है।
प्रमुख आय और व्यय (करोड़ में):
| मद | प्रस्तावित राशि (लाख में) |
| कुल प्रस्तावित प्राप्तियां | 11,82,969.19 |
| कुल प्रस्तावित व्यय | 11,81,101.46 |
| भूमि अधिग्रहण खर्च | 8,00,000.00 |
| आवंटन से संभावित आय | 7,75,066.52 |

