ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए एक बड़ी सौगात दी है। प्राधिकरण ने 973 आवासीय भूखंडों की नई योजना को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। इस योजना के तहत यमुना सिटी के विकसित हो चुके सेक्टरों में रहने का मौका मिलेगा। प्राधिकरण ने इस बार आवेदन से लेकर आवंटन तक की प्रक्रिया को काफी तेज रखा है, ताकि लोगों को लंबा इंतजार न करना पड़े।
यहाँ कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
प्राधिकरण ने इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की है। इच्छुक आवेदक प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पात्रता के अनुसार फॉर्म भर सकते हैं:
👉 आधिकारिक वेबसाइट: yamunaexpresswayauthority.com
इन सेक्टरों में मिलेंगे प्लॉट; 36,200 रुपये तय किया गया रेट
यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ये भूखंड सेक्टर-15C, 18 और 24A जैसे विकसित क्षेत्रों में स्थित हैं। प्राधिकरण ने भूखंडों का प्रीमियम रेट 36,200 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित किया है। योजना में 6 अलग-अलग श्रेणियों में 162 वर्गमीटर से लेकर 290 वर्गमीटर तक के साइज उपलब्ध हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि: 06 मई 2026
लॉटरी/आवंटन की तिथि: 18 जून 2026
आवेदन प्रक्रिया और पंजीकरण शुल्क
आवेदक आधिकारिक वेबसाइट से 600 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा कर बुकलेट डाउनलोड कर सकते हैं। लॉटरी में शामिल होने के लिए:
सामान्य श्रेणी: कुल प्रीमियम धनराशि का 10 प्रतिशत जमा करना होगा।
SC/ST श्रेणी: कुल प्रीमियम का 5 प्रतिशत जमा करना होगा।
आरक्षण: दिव्यांगों के लिए 5 प्रतिशत क्षैतिज (Horizontal) आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
किसके लिए कितने भूखंड आरक्षित?
सामान्य श्रेणी: 77.5 प्रतिशत (कुल 755 भूखंड)।
किसान/काश्तकार: 17.5 प्रतिशत (जिनकी जमीनें योजना के लिए अधिग्रहित की गई हैं)।
उद्यमी: 5 प्रतिशत (जो यमुना सिटी में उद्योग लगा रहे हैं)।
सबसे ज्यादा मांग वाले साइज: योजना में सबसे अधिक संख्या 162 वर्गमीटर (369 प्लॉट) और 200 वर्गमीटर (373 प्लॉट) वाले भूखंडों की है।

