युवराज मौत मामला: लंदन गए पिता ने भारत छोड़ने की अटकलों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘अभी भी है SIT रिपोर्ट का इंतज़ार’

ग्रेटर नोएडा के सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता के पिता ने लंदन से बयान जारी कर भारत छोड़ने की अटकलों को खारिज किया। SIT जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं।

Bharatiya Talk
2 Min Read
युवराज मौत मामला: लंदन गए पिता ने भारत छोड़ने की अटकलों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- 'अभी भी है SIT रिपोर्ट का इंतज़ार'

Greater Noida/भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-150 स्थित निर्माणाधीन साइट के पानी से भरे बेसमेंट में कार डूबने से सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मौत के मामले में एक नया मोड़ आया है। युवराज के पिता राज कुमार मेहता, जो वर्तमान में अपनी बेटी के पास लंदन (UK) में हैं, ने स्पष्ट किया है कि वे हमेशा के लिए भारत छोड़कर नहीं गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही उन चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया जिनमें उनके स्थायी रूप से विदेश बसने की बात कही जा रही थी।

राज कुमार मेहता ने बताया कि सेक्टर-150 स्थित टाटा यूरेका पार्क सोसाइटी में वह बिल्कुल अकेले रह गए थे और उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था, इसलिए वह कुछ समय के लिए बेटी के पास आए हैं। युवराज की मां का निधन पहले ही हो चुका था और वह अपने पिता का एकमात्र सहारा थे। अकेलेपन और सदमे के बीच, घटना के करीब 16 दिन बाद उनकी बेटी भारत आई और उन्हें अपने साथ ले गई।

SIT की रिपोर्ट पर उठ रहे सवाल

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल विशेष जांच टीम (SIT) की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना के बाद प्रशासनिक लापरवाही की जांच के लिए एसआईटी गठित की थी और महज 5 दिनों में रिपोर्ट देने के सख्त निर्देश दिए थे। हालांकि, हादसे को एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं हो सकी है। युवराज के पिता ने मीडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अब भी न्याय और जांच रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार है।

स्थानीय निवासियों और परिजनों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि जनप्रतिनिधियों के आश्वासनों के बावजूद अब तक जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

 

Spread the love
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *