Noida / भारतीय टॉक न्यूज़ (संवाददाता) : सेक्टर-10 में कार्यालय खोलकर डेढ़ वर्ष में धन दोगुना करने का आकर्षक लालच देकर लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाने वाले एक गिरोह के खिलाफ थाना फेस-1 में मुकदमा दर्ज किया गया है। एक पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर सात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उससे 15 लाख रुपये की ठगी की है और यह गिरोह सैकड़ों लोगों से अब तक करोड़ों रुपये ठग चुका है।
थाना फेस-1 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर 10 के निवासी सुमित कुमार पुत्र देवेंद्र चौहान ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि सेक्टर 10 के ए-ब्लॉक में एक ऑफिस चलाने वाले सुदेश कुमार उर्फ टिल्लू पुत्र विश्वंभर से वह पहले से परिचित थे।
सुमित के अनुसार, सुदेश और उसके साथी लोगों को शेयर बाजार में पैसा लगाकर मात्र 18 महीनों में उसे दोगुना करने का प्रलोभन देते थे। इसी झांसे में आकर सुमित ने उन्हें 15 लाख रुपये दे दिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब उन्हें कोई मुनाफा नहीं मिला और न ही उनकी मूल रकम वापस की गई, तो उन्हें शक हुआ।
पीड़ित ने जब अपने स्तर पर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि यह एक पोंजी स्कीम चलाने वाला गिरोह है, जो अब तक सैकड़ों लोगों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दे चुका है। जब सुमित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसे धमकाया।
परेशान होकर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। थाना प्रभारी ने बताया कि अदालत के आदेश पर बीती रात सुदेश कुमार उर्फ टिल्लू, कपिल सिंह, संजीव, धर्म पाल सिंह, अशोक, सुषमा और एक अन्य अशोक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जाएगी और इसमें शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

