नोएडा/भारतीय टॉक न्यूज़: नए साल 2026 के स्वागत में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों ने जमकर जश्न मनाया। इस जश्न के दौरान शराब की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री दर्ज की गई है। जिला आबकारी विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, केवल 31 दिसंबर की रात को ही जिले भर में 22 करोड़ रुपये से अधिक की शराब की खपत हुई।
4 लाख लीटर से ज्यादा छलके जाम
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को जानकारी साझा करते हुए बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर जिले में शराब की मांग चरम पर रही। उन्होंने बताया कि इस दौरान जिले में करीब 4 लाख लीटर से अधिक शराब बेची गई। शराब प्रेमियों के इस उत्साह ने आबकारी विभाग के राजस्व में जबरदस्त इजाफा किया है।
क्लबों और दुकानों पर उमड़ी भीड़
गौतमबुद्धनगर जिले में वर्तमान में कुल 544 शराब की दुकानें संचालित हैं, जबकि करीब 150 लाइसेंस प्राप्त क्लब और बार हैं। विभाग के अनुसार, आम दुकानों पर रात 11 बजे तक बिक्री हुई, जबकि प्रशासन की अनुमति से क्लबों और बार में जश्न रात 2 बजे तक जारी रहा। देर रात तक चले इन आयोजनों के कारण बिक्री के आंकड़ों ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।
प्रशासन की रही कड़ी नजर
एक ओर जहाँ शराब की बिक्री ने रिकॉर्ड बनाया, वहीं दूसरी ओर पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें अवैध शराब की तस्करी और मिलावट को रोकने के लिए मुस्तैद रहीं। जिला आबकारी अधिकारी ने पुष्टि की है कि बिक्री के यह आंकड़े जिले की अधिकृत दुकानों और बार से प्राप्त डेटा पर आधारित हैं।
यह भी पढ़ें: [Greater Noida: नए साल की पार्टी के दौरान बड़ा हादसा, 15वीं मंजिल से गिरकर प्रॉपर्टी डीलर की मौत; बिहार से आया था युवक]

