दादरी (गौतमबुद्धनगर) | भारतीय टॉक न्यूज़: आगामी 29 मार्च को दादरी में आयोजित होने वाली समाजवादी पार्टी की ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ को लेकर जिले का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में रविवार को गांव चिटेहरा में एक विशाल ‘कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी चुनाव और रैली की रणनीति पर चर्चा की।

पश्चिमी यूपी की राजनीति में मील का पत्थर होगी यह रैली
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक और बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रमेंद्र सिंह भाटी एवं सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव श्याम सिंह भाटी के नेतृत्व में आयोजित इस संवाद में कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखने को मिला। विधान परिषद सदस्य (MLC) प्रमेंद्र सिंह भाटी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 29 मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की यह रैली केवल एक सभा नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति की दशा और दिशा बदलने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में लाखों की संख्या में लोग शामिल होकर बदलाव का संकल्प लेंगे।
भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ उठी आवाज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भाटी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की तानाशाही और जनविरोधी नीतियों से जनता बुरी तरह त्रस्त है। आज किसान, नौजवान और मध्यम वर्ग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। प्रदीप भाटी ने जोर देकर कहा कि इस रैली के बाद उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की एक ऐसी लहर चलेगी जो आगामी चुनावों में भाजपा का सफाया कर देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को इस रैली से जोड़ें।
पूर्व जिला अध्यक्ष वीर सिंह यादव की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में फकीरचंद नागर, नरेंद्र नागर, उपदेश नागर, प्रशांत भाटी सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में रैली को सफल बनाने और अधिक से अधिक भीड़ जुटाने का संकल्प लिया।

