ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : जनपद की साइबर क्राइम पुलिस ने विदेशों में सस्ते टूर और ट्रैवल पैकेज का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी (बिसरख) से पकड़ा गया है। पुलिस ने इसके पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल फोन और लैपटॉप भी बरामद किए हैं।
सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर फैलाता था जाल
गिरफ्तार अभियुक्त आदित्य राज (मूल निवासी लखीसराय, बिहार) बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाता था। वह फेसबुक, इंस्टाग्राम और गूगल पर सिंगापुर, वियतनाम, नेपाल और यूरोप जैसे देशों के आकर्षक ‘कंप्लीट टूर पैकेज’ के विज्ञापन चलाता था। जब लोग इन विज्ञापनों को देखकर संपर्क करते थे, तो वह उन्हें फर्जी बुकिंग कन्फर्मेशन दिखाकर अपने बैंक खातों में मोटी रकम ट्रांसफर करा लेता था।
टिकट कैंसिल कराकर हड़प लेता था रिफंड
ठगी का तरीका और भी चौंकाने वाला था। पैसे मिलने के बाद आरोपी ग्राहकों के नाम पर टिकट बुक तो करता था, लेकिन यात्रा से ठीक पहले उन्हें कैंसिल करा देता था। कैंसिलेशन से मिलने वाला रिफंड वह खुद रख लेता था और पीड़ितों को चूना लगा देता था। अब तक की जांच में आरोपी द्वारा करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी की बात सामने आई है।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकल इनपुट की मदद से मंगलवार को आदित्य राज को आम्रपाली सोसाइटी से दबोच लिया। आरोपी महज 12वीं पास है, लेकिन तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को ठगने में माहिर था। पुलिस ने उसके कब्जे से:
03 स्मार्टफोन
01 एचपी (HP) लैपटॉप
बरामद किया है। पुलिस अब उन बैंक खातों की जांच कर रही है जिनमें ठगी की रकम मंगवाई गई थी।

