नोएडा: हिंसा भड़काने के पीछे ‘पाकिस्तानी’ साजिश का खुलासा; दो X हैंडल के खिलाफ FIR, जिले में स्थिति अब सामान्य

गौतमबुद्धनगर पुलिस का बड़ा खुलासा: जिले में हिंसा भड़काने वाले दो X हैंडल पाकिस्तान से संचालित थे। FIR दर्ज, जिले में फ्लैग मार्च और पैट्रोलिंग तेज।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
नोएडा: हिंसा भड़काने के पीछे 'पाकिस्तानी' साजिश का खुलासा; दो X हैंडल के खिलाफ FIR, जिले में स्थिति अब सामान्य

नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़: जनपद गौतमबुद्धनगर में पिछले दिनों हुई हिंसा और अशांति के मामले में पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। सोशल मीडिया के माध्यम से जिले में भय और रोष फैलाने वाले दो मुख्य हैंडल ‘पाकिस्तान’ से संचालित पाए गए हैं। नोएडा पुलिस ने इन दोनों हैंडल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। वहीं, अब जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।

सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट से भड़की थी हिंसा

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर दो खातों @Proudindiannavi और @Mir_llyas_INC द्वारा भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की गई थीं। इन पोस्टों का मकसद सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था को भंग करना था। इसके परिणामस्वरूप जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनता में भय और गुस्सा व्याप्त हो गया, जिसके बाद उग्र भीड़ ने ईंट-पत्थर चलाए, निजी व सार्वजनिक संपत्ति में तोड़फोड़ की और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया।

पाकिस्तानी कनेक्शन और VPN का खेल

थाना सेक्टर-20 पुलिस ने जब मामले की तकनीकी जांच (Technical Analysis) की और ‘एक्स’ से डेटा प्राप्त किया, तो पाया गया कि ये दोनों संदिग्ध हैंडल पाकिस्तान  से संचालित किए जा रहे हैं। आरोपी अपनी लोकेशन छिपाने के लिए  VPN (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क)  का दुरुपयोग कर रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ मु0अ0सं0 0121/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया है।

दूसरी ओर, जनपद में औद्योगिक इकाइयों में कार्य करने वाले श्रमिकों की समस्याओं का भी समाधान कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में वृद्धि कर दी गई है और भविष्य के वेतन निर्धारण के लिए  ‘वेज बोर्ड’ के गठन की घोषणा की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समझौते की शर्तों को लागू कराया जा रहा है, जिससे श्रमिक भाइयों में संतोष है और सभी औद्योगिक इकाइयों में शांतिपूर्वक कार्य चल रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पिछले दिनों हुई हिंसा में बाहरी षड्यंत्रकारियों और अराजक तत्वों का हाथ था। ऐसे उपद्रवियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के अंतर्गत भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: फ्लैग मार्च और पैट्रोलिंग जारी

आज सुबह से ही जिले के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। सेक्टर स्कीम लागू कर लगातार पैट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट या भ्रामक खबर पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखने में सहयोग दें।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *