नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : नोएडा के सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मॉल ऑफ इंडिया स्थित ‘कैरेटलेन’ (CaratLane) स्टोर में हुई बड़ी चोरी की घटना का सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से चोरी किए गए करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने व सफेद धातु के आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपी महिलाएं शातिर किस्म की अपराधी हैं और इससे पहले भी दिल्ली के विभिन्न थानों में उन पर चोरी के मामले दर्ज हैं।
क्या है पूरा मामला?
घटना 23 अप्रैल 2026 की है, जब मॉल ऑफ इंडिया स्थित कैरेटलेन स्टोर से कीमती आभूषण चोरी हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टोर मैनेजर ने थाना सेक्टर-20 में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की।
थाना सेक्टर-20 पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। 29 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को डीएलएफ मॉल के पास से धर दबोचा। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान दिल्ली के महेंद्र पार्क निवासी रिद्धि उर्फ रचना (30 वर्ष) और सरिता गौतम (56 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी महिलाओं ने घटना को अंजाम देने के लिए कार का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
🔸बरामद आभूषण: 2 चूड़ियाँ, 1 चूड़ी (पीली व सफेद धातु), 4 ब्रेसलेट और 3 अंगूठियाँ।
🔸घटना में प्रयुक्त कार: एक आई-10 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL6CR7363)।
🔸अनुमानित बरामदगी की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस द्वारा खंगाले गए आपराधिक इतिहास के अनुसार, ये दोनों महिलाएं शातिर हैं। इनके खिलाफ दिल्ली के रिठाला मेट्रो और जनकपुरी थानों में पूर्व में भी चोरी (धारा 380 भादवि) के मुकदमे दर्ज हैं। सेक्टर-20 पुलिस अब इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

