गाजियाबाद/वेव सिटी | भारतीय टॉक न्यूज़ : गाजियाबाद की वेव सिटी थाना पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार को हुई मुठभेड़ में लूट के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार किए गए बदमाश गौतमबुद्ध नगर के बादलपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जिन्होंने हाल ही में एक बुजुर्ग महिला से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था।
क्या है पूरा मामला?
बीती 27 अप्रैल 2026 को श्रीमती मुन्नी (निवासी वेव सिटी) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उनके कान का कुंडल छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों—अंकित जाटव, दीपक नागर और सचिन नागर की पहचान की थी।
27 अप्रैल की शाम को जब वेव सिटी पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तब मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया। बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश, दीपक नागर और सचिन नागर (दोनों निवासी ग्राम कचेड़ा, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर), घायल हो गए और उन्हें दबोच लिया गया। हालांकि, इनका तीसरा साथी अंकित जाटव अभी फरार है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 25 अप्रैल की सुबह ग्राम इकला में एक महिला से कुंडल छीना था। पुलिस ने उनके कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
🔸लूट का माल: महिला से छीना गया पीली धातु का एक कुंडल।
🔸वाहन: घटना में प्रयुक्त की गई R15 मोटरसाइकिल।
🔸अवैध असलहा: 02 अवैध तमंचे (315 बोर), 03 खोखा कारतूस और 02 जिंदा कारतूस।
पुलिस की कार्रवाई
वेव सिटी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। फिलहाल उनके खिलाफ लूट और पुलिस पर हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी अंकित जाटव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

