दिल्ली में रिश्तों का कत्ल: सादोपुर गांव की प्रियंका की जन्मदिन पर गोली मारकर हत्या, एटीएस कांस्टेबल मनीष भाटी पर लगा आरोप!

पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर में दिल्ली पुलिस के ATS कांस्टेबल मनीष भाटी ने अपनी टीचर पत्नी प्रियंका की जन्मदिन के दिन गोली मारकर हत्या कर दी। 50 लाख की कार और दहेज उत्पीड़न का आरोप।

Partap Singh Nagar
5 Min Read
दिल्ली में रिश्तों का कत्ल: सादोपुर गांव की प्रियंका की जन्मदिन पर गोली मारकर हत्या, एटीएस कांस्टेबल मनीष भाटी पर लगा आरोप!

भारतीय टॉक न्यूज़ (Bharatiya Talk News)

पूर्वी दिल्ली/ ग्रेटर नोएडा :  एक पत्नी अपने जन्मदिन पर पति से क्या उम्मीद करती है? यही कि उसका जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाए, सुंदर गिफ्ट्स मिलें और वह कहीं घूमने जाए। लेकिन देश की राजधानी दिल्ली से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। पूर्वी दिल्ली के न्यू विनोद नगर इलाके में तैनात दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल ने अपनी पत्नी के जन्मदिन के दिन ही उसे ‘मौत का तोहफा’ दे दिया। दहेज की भूख में अंधे हो चुके इस पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

सड़क पर लहूलुहान पड़ी थी प्रियंका, डिलीवरी बॉय ने दिखाई इंसानियत

यह रूह कंपा देने वाली वारदात सोमवार तड़के करीब 3:00 बजे की है। पूर्वी दिल्ली की एटीएस (ATS) विंग में तैनात कांस्टेबल मनीष भाटी ने अपनी पत्नी प्रियंका की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद प्रियंका लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के पास खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ी हुई थी।

उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय की नजर तड़पती हुई प्रियंका पर पड़ी। उस वक्त प्रियंका की सांसें चल रही थीं। डिलीवरी बॉय ने बिना वक्त गंवाए इंसानियत दिखाई और प्रियंका को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अफसोस कि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज ने खोला राज, पैदल घर पहुंचा था कातिल पति

वारदात की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने फौरन मामले की तफ्तीश शुरू की और मौका-ए-वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले। फुटेज सामने आते ही पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि कातिल कोई और नहीं बल्कि रक्षक की वर्दी पहनने वाला प्रियंका का पति मनीष भाटी ही था। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा गया कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद मनीष भाटी पैदल ही अपने न्यू विनोद नगर स्थित घर पहुंचा और फिर वहां से अपना सामान समेटकर फरार हो गया।

नोएडा के सादोपुर गांव की रहने वाली प्रियंका एक पढ़ी-लिखी महिला थी और अशोक विहार के एक नामी प्राइवेट स्कूल में बतौर टीचर कार्यरत थी। साल 2022 में उसकी शादी विनोद नगर निवासी और दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल मनीष भाटी के साथ बड़े ही धूमधाम से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही मनीष का असली और खूंखार चेहरा सामने आ गया।

प्रियंका के पिता अजीत सिंह ने रोते हुए मनीष भाटी और उसके परिवार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि शादी के बाद से ही मनीष दहेज की मांग को लेकर प्रियंका के साथ बुरी तरह मारपीट करता था। इस प्रताड़ना की शिकायत पहले वूमेन सेल (Women Cell) में भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में सुलह हो गई थी।

पिता अजीत सिंह का बड़ा आरोप:

“दामाद मनीष भाटी शादी में भारी-भरकम कैश मिलने के बाद भी संतुष्ट नहीं था। वह अब प्रियंका पर 50 लाख रुपये की लग्जरी कार मायके से लाने का दबाव बना रहा था। इस हत्या में मनीष के साथ उसकी मां और बड़ा भाई भी पूरी तरह शामिल हैं।”

पुलिस टीम कर रही है आरोपी कांस्टेबल की तलाश

फिलहाल पुलिस ने प्रियंका के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी कांस्टेबल मनीष भाटी और उसके परिजनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी कानून का जानकार है, लेकिन उसे बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा।

एक हंसती-खेलती शिक्षिका बेटी को उसके जन्मदिन के ही दिन मौत के घाट उतारकर मनीष भाटी ने रिश्तों के कत्ल की जो खौफनाक दास्तान लिखी है, उसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *