भारतीय टॉक न्यूज (ग्रेटर नोएडा): ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-3 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से अवैध हथियारों के साथ तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर एक दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
खैरपुर गोल चक्कर के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, 28 सितंबर को थाना इकोटेक-3 पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए खैरपुर गोल चक्कर से ग्राम वैदपुरा को जाने वाले सर्विस रोड से तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर अभियुक्त यश नागर के कब्जे से 1 अवैध पिस्टल (.30 बोर) और 4 जिंदा कारतूस, कुबेर त्यागी के कब्जे से 1 अवैध तमंचा (.315 बोर) व 1 जिंदा कारतूस और सागर के कब्जे से 1 अवैध चाकू बरामद हुआ है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
🔸 यश नागर (उम्र 23 वर्ष), पुत्र स्व० रविन्द्र सिंह — निवासी ग्राम सादुल्लापुर, थाना इकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर (हिस्ट्रीशीटर)।
🔸कुबेर त्यागी (उम्र करीब 25 वर्ष), पुत्र ब्रजानंद त्यागी — निवासी ग्राम सादुल्लापुर, थाना इकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर।
🔸सागर (उम्र 24 वर्ष), पुत्र जयप्रकाश — निवासी ग्राम सादुल्लापुर, थाना इकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर।
हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज हैं 13 मुकदमे
मुख्य आरोपी यश नागर पर गौतमबुद्धनगर के बिसरख, कासना, इकोटेक-1, इकोटेक-3 और सेक्टर-39 थानों में हत्या के प्रयास (307 भादवि/109 बीएनएस), आर्म्स एक्ट, बलवा व धमकी जैसी गंभीर धाराओं के तहत 13 से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। वहीं अभियुक्त कुबेर त्यागी पर चोरी व लूट समेत 3 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

