भारतीय टॉक न्यूज (ग्रेटर नोएडा): विश्व हृदय दिवस (World Heart Day 2026) के उपलक्ष्य में कैलाश अस्पताल, ग्रेटर नोएडा द्वारा एक विशेष राउंड टेबल मीट (RTM) का आयोजन किया गया। वर्ल्ड हार्ट फेडरेशन के अंतर्राष्ट्रीय अभियान “Don’t Miss a Beat” थीम पर आधारित इस क्लिनिकल चर्चा में कार्डियोलॉजी, इमरजेंसी मेडिसिन, इंटरनल मेडिसिन और न्यूट्रिशन विभाग के प्रमुख विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हृदय रोग के शुरुआती चेतावनी संकेतों को समय पर पहचानना और किसी भी इमरजेंसी स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने के महत्व को समझाना रहा।

शुरुआती लक्षणों को गैस या थकान मानकर न करें नजरअंदाज
चर्चा के दौरान विशेषज्ञों ने इस बात पर चिंता जताई कि लोग अक्सर सीने में जकड़न, सांस फूलना, असामान्य थकान या चक्कर आने जैसे गंभीर लक्षणों को केवल पेट की गैस, तनाव या सामान्य थकान मानकर टाल देते हैं।
कैलाश अस्पताल के कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुनील कुमार मंडल ने कहा: “हृदय रोग के मामले में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि मरीज अक्सर शुरुआती संकेतों की गंभीरता को समझ नहीं पाते। हमारा मकसद डर पैदा करना नहीं, बल्कि लोगों को अपने रिस्क फैक्टर्स के प्रति सतर्क करना है ताकि शरीर में कुछ भी अलग महसूस होने पर वे समय रहते डॉक्टर की सलाह ले सकें।”
वहीं, इमरजेंसी मेडिसिन विभाग की CCMO एवं DMS डॉ. रितु सभरवाल ने बताया कि हार्ट अटैक जैसी स्थितियों में लक्षण दिखने और अस्पताल पहुँचने के बीच का समय बेहद कीमती होता है। मरीज घर पर ही ठीक होने का इंतजार करने की गलती न करें और सीधे नजदीकी मेडिकल इमरजेंसी में संपर्क करें।
14 अक्टूबर को लगेगा नि:शुल्क कार्डियक जांच कैंप
राउंड टेबल मीट में डॉ. मनीष कुमार गोयल, डॉ. अंकुश गर्ग और चीफ डायटीशियन डॉ. मेघा सिंह ने भी हिस्सा लिया। डॉक्टरों ने बताया कि हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कोलेस्ट्रॉल, धूम्रपान, मोटापा और शारीरिक गतिविधि की कमी हृदय रोगों के मुख्य जोखिम कारक हैं।
जनहित में निवारक देखभाल (Preventive Care) को बढ़ावा देने के लिए कैलाश अस्पताल, ग्रेटर नोएडा परिसर में 14 अक्टूबर 2026 को एक विशाल नि:शुल्क कार्डियक कैंप (Free Cardiac Camp) का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में आम नागरिक हृदय रोग विशेषज्ञों से निशुल्क परामर्श ले सकेंगे और अपने कार्डियक रिस्क फैक्टर्स का सटीक मूल्यांकन करा सकेंगे।

