ग्रेटर नोएडा वेस्ट: नूडल्स में निकले बाल और मच्छर, शिकायत करने पर बाउंसर बुलाने का आरोप; अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के केबी प्लाजा स्थित चौपाल रेस्टोरेंट के खिलाफ अधिवक्ताओं ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। नूडल्स में बाल व मच्छर निकलने, तबीयत बिगड़ने और परिवार से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया है।

Bharatiya Talk
2 Min Read
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: नूडल्स में निकले बाल और मच्छर, शिकायत करने पर बाउंसर बुलाने का आरोप; अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

भारतीय टॉक न्यूज़ (Greater Noida Desk): ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-2 के सामने केबी प्लाजा स्थित चौपाल रेस्टोरेंट के खिलाफ अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को अधिवक्ताओं ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपकर रेस्टोरेंट संचालक के विरुद्ध टीम गठित कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेताया कि यदि ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: नूडल्स में निकले बाल और मच्छर, शिकायत करने पर बाउंसर बुलाने का आरोप; अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

क्या है पूरा मामला?

अधिवक्ता श्याम सिंह भाटी ने बताया कि बीते मंगलवार को वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ चौपाल रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। आरोप है कि जब उन्होंने नूडल्स खाया, तो उसमें बाल और मच्छर निकले।

श्याम सिंह भाटी के अनुसार, जब उन्होंने इस संबंध में रेस्टोरेंट संचालक राजा सिरोही से शिकायत की, तो उन्होंने अपनी गलती मानने के बजाय कथित तौर पर दबंगई दिखाई और वहां अपने बाउंसर बुला लिए। आरोप यह भी है कि इस दौरान अधिवक्ता और उनके परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, थाने में भी दी गई तहरीर

अधिवक्ता ने बताया कि घटना के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता बिसरख कोतवाली पहुंचे और रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं, रेस्टोरेंट का खाना खाने के बाद श्याम सिंह भाटी की तबीयत भी बिगड़ गई, जिनका उपचार दादरी स्थित सरकारी अस्पताल में कराया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग से जांच की मांग, घेराव की चेतावनी

गुरुवार को नाराज अधिवक्ताओं ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी से मुलाकात कर रेस्टोरेंट में परोसी जा रही खाद्य सामग्री और स्वच्छता मानकों की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग उठाई।

अधिवक्ताओं का कहना है कि इस रेस्टोरेंट को लेकर पहले भी ग्राहकों की ओर से कई शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिवक्ता श्याम सिंह भाटी ने कहा कि यदि रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो अधिवक्ता खाद्य सुरक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे।

Spread the love
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *