भारतीय टॉक न्यूज़ (Greater Noida Desk): शिक्षा ही किसी भी समाज की वास्तविक तरक्की का मुख्य आधार है। इसी सोच को साकार करते हुए ग्रेटर नोएडा स्थित किसान आदर्श इंटर कॉलेज में स्वर्गीय मदन ठेकेदार जी की पुण्यतिथि के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्र की सरदारी, समाज के गणमान्य लोगों और युवाओं ने एकत्र होकर स्व. मदन ठेकेदार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शिक्षा के क्षेत्र में उनके परिवार के ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

पिता के बताए सेवा मार्ग पर आगे बढ़ते हुए उनके पुत्र अधिवक्ता जीत कसाना ने विद्यालय को स्मार्ट लैब के लिए 5 कंप्यूटर और एक RO वॉटर सिस्टम भेंट किया। इसके साथ ही उन्होंने आगामी डिग्री कॉलेज निर्माण के दौरान अपने पिता की पावन स्मृति में एक पूरे कमरे का निर्माण कराने की बड़ी घोषणा भी की।
तीन पीढ़ियों का एक ही संस्थान से जुड़ाव प्रेरणादायक: सुबोध प्रधान
किसान आदर्श इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुबोध प्रधान ने विद्यालय परिवार की ओर से जीत कसाना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. मदन ठेकेदार के परिवार की तीन पीढ़ियों का एक ही शिक्षण संस्थान के विकास में निरंतर योगदान देना अपने आप में एक मिसाल और प्रेरणादायक उदाहरण है। परिवार की पिछली पीढ़ियों ने भी विद्यालय में कमरों के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण सहयोग दिया था और आज जीत कसाना ने कंप्यूटर व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराकर विद्यार्थियों की बड़ी जरूरत पूरी की है।
शिक्षा का दान सबसे बड़ा दान: विकास प्रधान व विनय चपराना
कार्यक्रम में पहुंचे सामाजिक प्रतिनिधि विकास प्रधान ने कसाना परिवार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा: “किसी भी समाज का असली विकास शिक्षा से ही संभव है। आज हमारे ग्रामीण क्षेत्रों के युवा आईएएस, आईपीएस और डॉक्टर जैसे शीर्ष पदों पर पहुंच रहे हैं। गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी का खुलना और शिक्षा के प्रति दान देना समाज की बदलती सोच का प्रमाण है। कसाना परिवार की तीसरी पीढ़ी का शिक्षा के लिए आगे आना गर्व की बात है।”
वहीं विनय चपराना ने कहा कि स्व. मदन ठेकेदार का इस संस्थान से बहुत गहरा और पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने समाज के अन्य सक्षम और जागरूक लोगों से भी अपील की कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार शिक्षण संस्थानों और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की मदद के लिए आगे आएं।
‘पिता के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि’: जीत कसाना
अधिवक्ता जीत कसाना ने अपने भावुक संबोधन में कहा कि उनके पूज्य पिता स्वर्गीय मदन ठेकेदार हमेशा दान-पुण्य और शिक्षा के प्रसार में आगे रहते थे। “मैं अपने पिता जी के आदर्शों और समाज सेवा की इस पावन परंपरा को आगे बढ़ाना चाहता हूँ। समाज में जहाँ भी शिक्षा के विकास के लिए सहयोग की आवश्यकता होगी, मेरा परिवार सदैव तत्पर रहेगा। पिता जी के बताए रास्ते पर चलते हुए बच्चों की शिक्षा में योगदान देना ही मेरे लिए उनकी सच्ची श्रद्धांजलि है।”
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित वक्ताओं और क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में कसाना परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि समाज के अन्य लोग भी इस पहल से प्रेरणा लेकर शिक्षा के इस महायज्ञ में अपनी आहुति देंगे।

