भारतीय टॉक न्यूज़ (बुलंदशहर/नोएडा डेस्क): उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस को अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस और नोएडा एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने एक बड़े जॉइंट ऑपरेशन के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर नसीम उर्फ नासिम उर्फ रिजवान उर्फ नसीम दुर्रानी को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह मुठभेड़ बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में जाट चौक के पास हुई।
सटीक मुखबिरी के बाद सिकंदराबाद में हुई घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली में दो दिन पहले हुई सनसनीखेज हत्या का मुख्य आरोपी नसीम दुर्रानी बुलंदशहर इलाके में छिपा हुआ है। सूचना पर तत्काल अमल करते हुए दिल्ली पुलिस और नोएडा एसटीएफ की टीमों ने बुलंदशहर पहुंचकर सिकंदराबाद के जाट चौक के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी मौके पर ही ढेर हो गया।
समीर हत्याकांड और गैंगवार से जुड़े थे तार
पुलिस दस्तावेजों के मुताबिक, 37 वर्षीय नसीम उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामुद्दीन उर्फ बुद्धू मूल रूप से दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद (राजीव गांधी नगर) का रहने वाला था।
🔸 ताजा हत्याकांड (16 नवंबर 2026): महज कुछ दिन पहले 16 नवंबर को दिल्ली के थाना खजूरी खास क्षेत्र अंतर्गत सोनिया विहार जीरो पुश्ता (कपिल मिश्रा के कार्यालय के पास) में स्कूटी सवार युवक समीर उर्फ भूरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना खजूरी खास में दर्ज मुकदमे (FIR No. 587/2026) में नसीम मुख्य शूटर के रूप में वांछित था। पुलिस जांच के अनुसार यह हत्या उत्तर-पूर्वी दिल्ली में नसीम दुर्रानी गैंग और हारून सैफी गैंग के बीच चल रही गैंगवार का नतीजा थी।
🔸राजा मेवाती हत्याकांड: इसके अलावा वह 26 मई 2026 को खजूरी खास में हुई राजा मेवाती की हत्या (FIR No. 248/2026) में भी मुख्य शूटर के तौर पर वांछित चल रहा था।
🔸 गाजियाबाद लोनी केस: जून 2025 में गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र (त्यागी मार्केट, ईदगाह रोड) में पैसों के विवाद में हुई फायरिंग (FIR No. 280/2025) में भी वह वांछित था।
D-कंपनी और अंडरवर्ल्ड से रहे हैं तार, दर्ज थे 22 से ज्यादा संगीन मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नसीम दुर्रानी एक बेहद खूंखार और आदतन अपराधी था, जिस पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश (गाजियाबाद आदि) के विभिन्न थानों में हत्या (302), हत्या के प्रयास (307), लूट, डकैती, पुलिस टीम पर हमला और आर्म्स एक्ट के 22 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस डोजियर के मुताबिक, नसीम का नाम पूर्व में अंडरवर्ल्ड के D-कंपनी से जुड़ा रहा है और वह पाकिस्तानी-कनाडाई पत्रकार तारिक फतह को धमकी देने के मामले में भी गिरफ्तार हो चुका था। इसके अलावा उस पर गैंगस्टर छोटा राजन के लिए काम करने के भी आरोप रहे हैं। वर्ष 2014 में गोकुलपुरी इलाके में पुलिस हिरासत से एक आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर पथराव और हमला करने के मामले में भी वह शामिल रहा था। उसके मारे जाने से दिल्ली-एनसीआर के अपराध जगत को बड़ा झटका लगा है।

