आईपीएस राजीव कृष्ण बने उत्तर प्रदेश के नए कार्यवाहक डीजीपी, स्थायी नियुक्ति तक संभालेंगे पद

IPS Rajiv Krishna becomes the new acting DGP of Uttar Pradesh, will hold the post till permanent appointment

Partap Singh Nagar
2 Min Read
आईपीएस राजीव कृष्ण बने उत्तर प्रदेश के नए कार्यवाहक डीजीपी, स्थायी नियुक्ति तक संभालेंगे पद

Uttar Pradesh News/ भारतीय टॉक न्यूज़: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में एक बड़ा बदलाव हुआ है। वर्ष 1991 बैच के तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति निवर्तमान डीजीपी प्रशांत कुमार के आगामी 31 मई 2025 को सेवानिवृत्त होने के मद्देनज़र की गई है। श्री कृष्ण को फिलहाल कार्यकारी डीजीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है और वे स्थायी डीजीपी की नियुक्ति होने तक इस पद पर बने रहेंगे।

वर्तमान में राजीव कृष्ण उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष और सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) के डीजी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी सेवा में अभी चार साल का समय शेष है, जिससे यह संभावना है कि उनका कार्यकाल प्रभावी साबित हो सकता है। 26 जून 1969 को जन्मे यह काबिल अधिकारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के निवासी हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विश्वस्त अधिकारियों में गिने जाने वाले राजीव कृष्ण ने हाल ही में बिना किसी बाधा और नकल के सफलतापूर्वक पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित कराकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा बटोरी थी। उनकी यह उपलब्धि उनकी कार्यकुशलता और निष्पक्ष कार्यशैली का जीवंत प्रमाण है।

जहां एक ओर निवर्तमान डीजीपी प्रशांत कुमार को सेवा विस्तार मिलने की चर्चाएं थीं, वहीं दूसरी ओर राजीव कृष्ण के नाम पर सहमति बनना एक महत्वपूर्ण सरकारी फैसला माना जा रहा है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, कुछ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के चलते प्रशांत कुमार को सेवा विस्तार नहीं मिल पाया।

उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में नए डीजीपी के चयन के लिए एक नई नियमावली को मंजूरी दी थी, लेकिन अभी तक चयन समिति का गठन नहीं किया जा सका है। इस नियुक्ति से प्रदेश में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की उम्मीद लगाई जा रही है।

 

Spread the love
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *