Lucknow / भारतीय टॉक न्यूज़: उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों का बिगुल बजने से पहले ही राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में रालोद ने एक सघन और बहुस्तरीय रणनीति तैयार की है, जिसका लक्ष्य जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करना और केवल समर्पित कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतारना है। इसी सिलसिले में (शुक्रवार) लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।
कार्यकर्ता ही होंगे पार्टी का चेहरा, पारदर्शिता पर जोर
पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि पंचायत चुनाव में टिकट वितरण में परिवारवाद या किसी अन्य बाहरी प्रभाव की कोई जगह नहीं होगी। केवल उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने संगठन के लिए निष्ठा और समर्पण भाव से काम किया है और जिनकी जनता के बीच गहरी पैठ है। रालोद का मानना है कि पंचायतें लोकतंत्र की वास्तविक नींव हैं और यहां गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं की आवाज उठाने वाले प्रतिनिधियों का चुना जाना अत्यंत आवश्यक है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के निर्देश पर चुनाव तैयारियों को सुचारू रूप से चलाने के लिए पूरे प्रदेश को 10 जोनों में बांटा गया है। इन जोनों में नियुक्त पदाधिकारी संगठन को सक्रिय करने और चुनावी माहौल बनाने में जुट गए हैं।
चयन के लिए बनीं जिला और प्रदेश स्तरीय समितियां
उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी और लोकतांत्रिक बनाने के लिए एक विस्तृत खाका तैयार किया गया है। प्रत्येक जनपद में एक 5 सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन, उनकी सामाजिक सक्रियता और जनता से जुड़ाव का मूल्यांकन कर योग्य प्रत्याशियों की सूची तैयार करेगी।
इसके अलावा, प्रदेश स्तर पर भी एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जिसके संयोजक पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कुलदीप उज्जवल हैं। इस समिति में रोहित प्रताप, मोहम्मद जैद, विकास कादियान, संतोष सिंह और हवलदार यादव जैसे अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। यह समिति पूरे प्रदेश का दौरा कर जिला समितियों के साथ समन्वय स्थापित करेगी और चुनावी तैयारियों का निरंतर जायजा लेगी।
लखनऊ में हुई महत्वपूर्ण बैठक, रणनीति को दिया अंतिम रूप
चुनाव की रणनीति को अंतिम मूर्त रूप देने के लिए आज अपराह्न 3 बजे लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने की। इस बैठक में राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे, पंचायत चुनाव के लिए गठित प्रदेश समिति के सभी सदस्य, दसों क्षेत्रीय अध्यक्ष और पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में चुनाव प्रचार के तरीके, प्रमुख मुद्दे और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर गहन मंथन हुआ।
बैठक के बाद अपराह्न 4 बजे एक प्रेस वार्ता आयोजित कर पार्टी की चुनाव संबंधी रणनीति और तैयारियों की विस्तृत जानकारी मीडिया से साझा की गई। पार्टी का मानना है कि इस सुनियोजित और सामूहिक प्रयास के बल पर वह पंचायत चुनावों में ऐतिहासिक सफलता अर्जित करेगी और ग्रामीण उत्तर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरेगी।

