ग्रेटर नोएडा: शादी के 4 महीने बाद ही दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, पति, सास और ससुर गिरफ्तार

Greater Noida: Married woman murdered for dowry just 4 months after marriage, husband, mother-in-law and father-in-law arrested

Bharatiya Talk
2 Min Read
ग्रेटर नोएडा: शादी के 4 महीने बाद ही दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, पति, सास और ससुर गिरफ्तार

Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़ (संवाददाता) : थाना बादलपुर क्षेत्र के छपरौला गांव में दहेज लोभियों ने एक और विवाहिता की जान ले ली। शादी के महज चार महीने बाद ही दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों पर महिला की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद बुलंदशहर निवासी सुमन की शादी इसी साल मई महीने में छपरौला निवासी दीपक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सुमन के ससुराल वाले उस पर अतिरिक्त दहेज लाने के लिए दबाव बनाने लगे थे और उसे प्रताड़ित करते थे।

परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर बुधवार को पति दीपक, ससुर ओमप्रकाश और सास मुनेश ने मिलकर सुमन की हत्या कर दी और घटना को दूसरा रूप देने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के परिजनों ने थाना बादलपुर में ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुट गई।

प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि पुलिस टीम ने बीती रात दबिश देकर आरोपी पति दीपक, ससुर ओमप्रकाश और सास मुनेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा की क्रूरता को उजागर किया है।

Spread the love
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *