भारतीय टॉक न्यूज़ (Greater Noida Desk): ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को सुधारने और बच्चों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया गया है। जैक्सन ग्रुप (Jakson Group) और अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की संयुक्त पहल ‘प्रोजेक्ट आरंभ’ के अंतर्गत शनिवार (21 नवंबर 2026) को गौतम बुद्ध नगर के बिसरख ब्लॉक स्थित दुरियाई गांव के राजकीय विद्यालय के नवीनीकरण कार्य का भव्य उद्घाटन किया गया।


विद्यालय की तस्वीर बदली, आधुनिक हुईं सुविधाएं
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सरकारी स्कूल के बुनियादी ढांचे का पूरी तरह से कायाकल्प किया गया है। प्रमुख रूप से निम्नलिखित कार्य पूरे किए गए हैं:
🔸 विद्यालय के 7 कक्षों का संपूर्ण नवीनीकरण।
🔸 नए फर्श का निर्माण और पूरे परिसर की आकर्षक रंगाई-पुताई।
🔸 कक्षों में विद्युत (बिजली) सुविधाओं में सुधार तथा दरवाजों व खिड़कियों की मरम्मत।
🔸 मिड-डे मील के लिए रसोईघर एवं स्टोर का नवीनीकरण।
🔸 भव्य मुख्य प्रवेश द्वार का विकास और पूरे विद्यालय परिसर का सौंदर्याकरण।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित, आकर्षक और बाल-अनुकूल शैक्षणिक माहौल प्रदान करना है, जिससे स्कूल में छात्रों की नियमित उपस्थिति बढ़े और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि विकसित हो।
‘यह बच्चों के सपनों और उज्ज्वल भविष्य में निवेश है’: मनीषा भाटिया
उद्घाटन समारोह में जैक्सन ग्रुप से सुश्री जेसिका बार्नेट और अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक एवं सीईओ सुश्री मनीषा भाटिया विशेष रूप से शामिल हुईं।
इस अवसर पर मनीषा भाटिया ने अपने विचार साझा करते हुए कहा: “हमारा मानना है कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए। ‘प्रोजेक्ट आरंभ’ केवल विद्यालय के बुनियादी ढांचे में सुधार की पहल नहीं है, बल्कि यह बच्चों के सपनों, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य में हमारा निवेश है। इस महत्वपूर्ण पहल को साकार करने में सहयोग और विश्वास के लिए हम जैक्सन ग्रुप के आभारी हैं।”
ग्रामीणों और शिक्षकों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण समुदाय के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने जैक्सन ग्रुप के सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) और अभिनंदन सोसाइटी के जमीनी प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
‘बेहतर विद्यालयों का निर्माण, उज्ज्वल भविष्य की ओर एक कदम’ के संदेश के साथ शुरू किया गया यह प्रोजेक्ट ग्रामीण शिक्षा में सकारात्मक और दीर्घकालिक बदलाव लाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

