भारतीय टॉक न्यूज (ग्रेटर नोएडा): ग्रेटर नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show) के सिलसिले में लखनऊ से आए एक 63 वर्षीय व्यापारी की होटल की खिड़की से नीचे गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना बीटा-2 पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में खिड़की बंद करते समय संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ।
व्यापार के सिलसिले में आए थे ग्रेटर नोएडा
पुलिस के अनुसार, मृतक व्यापारी की पहचान हरगोविंद सिंह (63 वर्ष), निवासी कल्याणपुर, थाना गुडंबा (लखनऊ) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार को व्यापारिक गतिविधियों के सिलसिले में आयोजित यूपी ट्रेड शो में हिस्सा लेने के लिए ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। वह परी चौक के पास स्थित एक होटल में अपने दोस्तों के साथ ठहरे हुए थे।
सुबह चाय देने पहुंचे कर्मचारी ने देखा शव
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया कि शुक्रवार रात हरगोविंद सिंह ने अपने दोस्तों के साथ खाना खाया और शराब पी। इसके बाद सभी साथी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। शनिवार सुबह जब होटल का कर्मचारी कमरे में चाय देने पहुंचा तो हरगोविंद अपने कमरे में नहीं थे। जब कर्मचारी ने कमरे की खिड़की से नीचे देखा तो उनका शव नीचे पड़ा हुआ था। कर्मचारी ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही थाना बीटा-2 पुलिस, फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक का एक बेटा गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहता है, जिसे घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस का बयान
बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया: “प्रथम दृष्टया मामला खिड़की बंद करते समय असंतुलित होकर नीचे गिरने का लग रहा है। मृतक के शराब पीने की बात भी सामने आई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

