Greater नोएडा / भारतीय टॉक न्यूज़ (संवाददाता) : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख नजदीक आते ही यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं को भुनाने के लिए एक बड़ी योजना तैयार की है। प्राधिकरण ने एयरपोर्ट के ठीक बगल में स्थित सेक्टर 8F को एक अत्याधुनिक लॉजिस्टिक और वेयरहाउसिंग हब के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। यह कदम एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद कार्गो और सप्लाई चेन की बढ़ने वाली मांग को पूरा करने के लिए उठाया गया है।
एयरपोर्ट की क्षमता का फायदा उठाने की तैयारी
आगामी 30 अक्टूबर को नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही यात्री सेवाओं के अलावा घरेलू कार्गो परिचालन भी शुरू हो जाएगा। इससे पूरे क्षेत्र में लॉजिस्टिक और वेयरहाउसिंग की मांग में भारी उछाल आने की उम्मीद है। इसी अवसर को भुनाने के लिए यमुना प्राधिकरण ने मास्टर प्लान 2041 के तहत एयरपोर्ट के निकटवर्ती सेक्टरों को मल्टी-पर्पज उपयोग के लिए चिह्नित किया है, जिसमें लॉजिस्टिक्स को प्राथमिकता दी जाएगी। इसी योजना के केंद्र में सेक्टर 8F है।
विशेषज्ञ एजेंसी तैयार करेगी ब्लू प्रिंट
योजना को ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से उतारने के लिए प्राधिकरण एक विशेषज्ञ सलाहकार एजेंसी की मदद लेगा। यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह के अनुसार, यह एजेंसी देश के अन्य सफल लॉजिस्टिक हब्स का अध्ययन करेगी और उद्यमियों की जरूरतों को समझेगी। एजेंसी की रिपोर्ट और सुझावों के आधार पर ही सेक्टर 8F में भूखंडों का आकार, आंतरिक सड़कों का नेटवर्क और अन्य ढांचागत सुविधाओं का ले-आउट प्लान तैयार किया जाएगा। ले-आउट को अंतिम रूप दिए जाने के बाद ही प्राधिकरण लॉजिस्टिक और वेयरहाउसिंग के लिए भूखंडों की आवंटन योजना लॉन्च करेगा।
टप्पल में भी बनेगा मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक पार्क
सेक्टर 8F के अलावा, YEIDA अपने दूसरे चरण में शामिल टप्पल अर्बन सेंटर में भी एक मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक पार्क स्थापित करने की योजना पर काम कर रहा है। यह पार्क भी नोएडा एयरपोर्ट से सीधी सड़क कनेक्टिविटी के जरिए जुड़ा होगा। इसके लिए अलीगढ़ जिला प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से यह पूरा क्षेत्र एनसीआर और उत्तर भारत के लिए एक प्रमुख लॉजिस्टिक और सप्लाई चेन केंद्र के रूप में उभरेगा।

