Greater Noida / भारतीय टॉक न्यूज़ (संवाददाता) : उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे “मिशन शक्ति” अभियान का सकारात्मक चेहरा एक बार फिर सामने आया है। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना बिसरख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला का खोया हुआ कीमती मंगलसूत्र कुछ ही घंटों में तलाश कर उसके सुपुर्द कर दिया। अपने खोए हुए वापस पाकर महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस टीम की जमकर प्रशंसा की।
घटना शनिवार, दिनांक 04 अक्टूबर, 2025 की है। थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में एक महिला खरीदारी करने आई थी। इसी दौरान अनजाने में उनका लगभग ढाई लाख रुपये कीमत का मंगलसूत्र कहीं गिर गया। काफी देर तक ढूंढने के बाद भी जब मंगलसूत्र नहीं मिला, तो हताश महिला ने थाना बिसरख पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशों के तहत “मिशन शक्ति फेज-5” अभियान को लेकर सक्रिय पुलिस टीम ने मामले को पूरी गंभीरता से लिया। सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस की एक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले महिला से बातचीत कर उन सभी जगहों की जानकारी ली, जहां वह गई थीं। इसके बाद, मार्केट और आसपास के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया गया।
घंटों की सघन जांच और अथक प्रयासों के बाद आखिरकार पुलिस टीम को मंगलसूत्र ढूंढने में सफलता मिल गई। पुलिस ने मंगलसूत्र को सुरक्षित बरामद कर महिला को थाने बुलाकर उनके सुपुर्द किया। अपनी लाखों की कीमत की चीज़ को सुरक्षित वापस पाकर महिला भावुक हो गईं और उन्होंने थाना बिसरख पुलिस द्वारा की गई त्वरित और कुशल कार्रवाई के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया है कि “मिशन शक्ति” अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीन पर भी नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, के लिए मददगार साबित हो रहा है।

