Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़: गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना बीटा-2 पुलिस ने धोखाधड़ी और गबन के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त पर अपने 8 अन्य साथियों के साथ मिलकर मस्जिद के चंदे के 12 लाख 38 हजार रुपये हड़पने का आरोप है। यह गिरफ्तारी गुरुवार, 16 अक्टूबर 2025 को एक गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त सैय्यद नवेद फैसल उर्फ बॉबी और उसके साथियों ने एक आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। उन्होंने मस्जिद के नाम पर इकट्ठा हुए 12.38 लाख रुपये के चंदे को बैंक में जमा कराने के बजाय धोखाधड़ी से हड़प लिया। इस घटना के संबंध में इसी महीने 5 अक्टूबर 2025 को एक शिकायतकर्ता ने सैय्यद नवेद फैसल समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज कराया था।
गोपनीय सूचना पर हुई गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। गुरुवार को थाना बीटा-2 पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मामले का एक वांछित अभियुक्त सैय्यद नवेद फैसल थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सैय्यद नवेद फैसल उर्फ बॉबी पुत्र सैय्यद कैसर अली, निवासी कासिमजान बल्ली मारान, लाहौरी गेट, उत्तरी दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज मुकदमे (मु0अ0सं0 460/2025) में कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है। पुलिस इस गिरोह में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में जुट गई है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।

