Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा स्थित सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के मिग्सून ट्विन्स सोसायटी में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे एक 22 वर्षीय युवती ने 16वीं मंज़िल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से सोसायटी में अचानक अफरा-तफरी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की गहनता से जाँच शुरू कर दी है।
कौन थी मृतका?
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान शामली, उत्तर प्रदेश निवासी शालू के रूप में हुई है। वह सोसायटी के टावर सन-5 के 16वें फ्लोर पर रहती थी। कोतवाली पुलिस ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना सोसायटी के सिक्योरिटी ऑफिसर ने दी थी।
प्रारंभिक जाँच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
फ्लैट में शेयरिंग में रहती थी, दोस्तों से पूछताछ जारी
पुलिस जाँच में यह भी पता चला है कि मृतका शालू एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थी और करीब एक महीने पहले ही इस फ्लैट में रहने के लिए आई थी। वह इस फ्लैट में रहने वाले दो अन्य युवकों के साथ शेयरिंग में रहती थी।
आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस युवती के साथ रहने वाले दोनों पुरुष दोस्तों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा, पुलिस युवती के मोबाइल और लैपटॉप की भी बारीकी से जाँच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि उसने यह कदम क्यों उठाया।
परिवार में मचा कोहराम
पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। इस दुःखद खबर के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फील्ड यूनिट की मदद से आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है। सोसायटी में अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

