नोएडा/दादरी/ भारतीय टॉक न्यूज़ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को गौतमबुद्ध नगर के निजी दौरे पर रहे। उन्होंने दादरी विधानसभा के पाली, धूमखेड़ा और मकोड़ा गांवों का दौरा किया। पाली गांव में प्रशांत भाटी और मकोड़ा में अक्षय भाटी के आवास पर आयोजित वैवाहिक कार्यक्रमों में शिरकत कर उन्होंने परिजनों को बधाई दी। वहीं, धूमखेड़ा में मोहित नागर के आवास पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

मेट्रो को लेकर दावों की जंग
पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने मेट्रो रेल के मुद्दे पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को घेरा। उन्होंने दावा किया कि “नोएडा-ग्रेटर नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाली मेट्रो समाजवादी सरकार की देन है। हमने लखनऊ में भी मेट्रो बनाई। लेकिन अफसोस कि मुख्यमंत्री अपने ही प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस में मेट्रो नहीं चला पा रहे हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार सड़क पर मेट्रो चला नहीं पा रही और पानी में मेट्रो चलाने के सपने दिखा रही है।
सेक्टर-150 हादसे पर ‘मैनेजमेंट’ का आरोप
नोएडा के सेक्टर-150 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज की मौत के मामले पर अखिलेश यादव भावुक और हमलावर नजर आए। उन्होंने कहा कि “भाजपा के लोग बहुत होशियार हैं, वे देश चला रहे हैं। सवाल यह नहीं है कि घटना कैसे हुई, सवाल यह है कि वह बच्चा कार की छत पर खड़ा होकर घंटों मदद मांगता रहा, लेकिन मदद नहीं पहुंची। प्रशासन ने अब इस पूरे मामले को मैनेज कर लिया है।”
यूजीसी और 2027 का संकल्प
यूजीसी (UGC) के नए नियमों पर चल रही कानूनी बहस पर उन्होंने कहा कि संविधान भेदभाव की अनुमति नहीं देता। उन्होंने 2012 के रेगुलेशन का जिक्र करते हुए कहा कि कानून की भाषा और नीयत ऐसी होनी चाहिए कि निर्दोष का उत्पीड़न न हो। अंत में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल है, इसलिए 2027 में समाजवादी सरकार बनाने के लिए अभी से जमीन पर काम शुरू कर दें।
इस दौरान डॉ. महेंद्र नागर, राजकुमार भाटी,राष्ट्रीय प्रवक्ता,प्रदीप भाटी, राष्ट्रीय प्रवक्ता, वीर सिंह यादव, फकीर चंद्र नागर ,गजराज नागर, देवरंजन नागर, श्याम सिंह भाटी, मनीष शर्मा, राहुल अवाना, सुधीर भाटी, आश्रय गुप्ता और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
यह भी देखें 👇

