ग्रेटर नोएडा /भारतीय टॉक न्यूज़: नोएडा पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत थाना ईकोटेक-3 पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 को जलपुरा बिजली घर के पास हुई एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान शातिर अंतर्राज्यीय अपराधी संजीव उर्फ सनी उर्फ रॉकी उर्फ ‘मौत’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर किया फायर
जानकारी के अनुसार, थाना ईकोटेक-3 पुलिस जलपुरा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक होंडा सिटी कार आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया। रास्ते में पानी भरा होने के कारण कार फंस गई, जिसके बाद खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश संजीव उर्फ ‘मौत’ घायल हो गया।
चोरी का सामान और अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास से चोरी की एक होंडा सिटी कार (UP 16 AJ 1757), पीली धातु की चैन, दीवार घड़ी, कपड़े और एक मेकअप किट बरामद की है। इसके अलावा, उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

अपराध जगत में ‘मौत’ का खौफ, दर्ज हैं 27 मुकदमे
हाथरस का रहने वाला यह बदमाश पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। संजीव उर्फ ‘मौत’ का आपराधिक इतिहास अत्यंत लंबा है। उस पर गौतमबुद्धनगर और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं। सूरजपुर, ईकोटेक-3 और अलीगढ़ के कई थानों की पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी।

