नोएडा: आलीशान क्रूज पर नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले ‘फर्जी कॉल सेंटर’ का भंडाफोड़; 4 शातिर जालसाज गिरफ्तार

नोएडा सेक्टर-63 पुलिस और साइबर सेल ने क्रूज पर नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
नोएडा: आलीशान क्रूज पर नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले 'फर्जी कॉल सेंटर' का भंडाफोड़; 4 शातिर जालसाज गिरफ्तार

नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : थाना सेक्टर-63 पुलिस और साइबर टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर युवाओं को आलीशान समुद्री जहाजों (Cruises) पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से कॉल सेंटर संचालित करने वाले 4 आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए शातिर ठगों के पास से लैपटॉप, मोबाइल और फर्जी ऑफर लेटर सहित भारी मात्रा में ठगी की सामग्री बरामद हुई है।

‘सी-जोन’ के नाम पर फैला रखा था जाल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार (30 मार्च 2026) को सेक्टर-63 पुलिस और साइबर सेल को सूचना मिली कि सेक्टर-63 के ‘H-90’ ब्लॉक में “Sea Zone Recruitment and Training” नाम से एक अवैध कॉल सेंटर चलाया जा रहा है। ये लोग सोशल मीडिया (फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि) पर आकर्षक विज्ञापनों के जरिए युवाओं को फंसाते थे। लड़कों और लड़कियों को क्रूज पर अच्छी सैलरी वाली नौकरी का लालच देकर ये झांसे में लेते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे नौकरी के इच्छुक युवाओं से पहले मेडिकल फिटनेस चेकअप के नाम पर 10 हजार रुपये, ट्रेनिंग के नाम पर 45 हजार रुपये और फिर वर्क ऑर्डर व वीजा दिलवाने की सहायता के नाम पर 25 हजार रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवाते थे या कैश लेते थे। चूंकि इस फर्जी फर्म का कोई जीएसटी नंबर नहीं था, इसलिए ये अपने और साथियों के निजी बैंक खातों में पैसा मंगाते थे। मोटी रकम हाथ लगते ही ये मोबाइल नंबर बंद कर देते थे और अपना ऑफिस किसी दूसरी जगह शिफ्ट कर लेते थे।

गैंग में प्रयागराज के 4 युवक शामिल

पुलिस की गिरफ्त में आए चारों आरोपी मूल रूप से जनपद प्रयागराज के रहने वाले हैं और वर्तमान में गाजियाबाद व नोएडा में रह रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण इस प्रकार है:

🔸नितिन कुमार (23 वर्ष) – निवासी सोरांव, प्रयागराज (हाल पता: इंदिरापुरम, गाजियाबाद)।

🔸 सचिन (31 वर्ष) – निवासी सोरांव, प्रयागराज (हाल पता: इंदिरापुरम, गाजियाबाद)।

🔸 अमन कुमार (21 वर्ष) – निवासी सोरांव, प्रयागराज (हाल पता: इंदिरापुरम, गाजियाबाद)।

🔸 वीरेन्द्र (20 वर्ष) – निवासी सरायइनायत, प्रयागराज (हाल पता: सेक्टर-37, नोएडा)।

इन आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जालसाजों के कब्जे से पुलिस ने 4 लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 9 डेबिट कार्ड, 12,000 रुपये नकद, 9 फर्जी ऑफिशियल ऑफर लेटर, कॉलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली 3 स्क्रिप्ट/पिच, मेडिकल रेफरल लेटर और 6 कैंडिडेट कॉलिंग लिस्ट बरामद की है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *