दादरी: पैर पर गाड़ी चढ़ाने का विरोध करने पर पिता-पुत्र और महिला से मारपीट; मायचा गांव के 4 दबंगों पर मुकदमा

दादरी के मायचा गांव में पैर पर गाड़ी चढ़ाने का विरोध करने पर पिता, पुत्र और महिला के साथ मारपीट। दादरी पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर।

Partap Singh Nagar
2 Min Read
दादरी: पैर पर गाड़ी चढ़ाने का विरोध करने पर पिता-पुत्र और महिला से मारपीट; मायचा गांव के 4 दबंगों पर मुकदमा

 

दादरी | भारतीय टॉक न्यूज़ : जनपद के दादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मायचा गांव में सरेराह दबंगई और मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रास्ते में पैर पर गाड़ी चढ़ाने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने एक ही परिवार के पिता-पुत्र और एक महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर लाठी-डंडे बरसाए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर गांव के ही चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विरोध करने पर बुला लिए साथी

प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि घटना 30 मार्च 2026 की शाम की है। पीड़ित मनीष भाटी गांव की ही एक गली से होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से गांव का ही रहने वाला विकास अपनी तेज रफ्तार गाड़ी लेकर आया और उसने मनीष के पैर पर गाड़ी चढ़ा दी। जब मनीष ने इस घोर लापरवाही का विरोध किया, तो आरोपी विकास भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर विकास ने फोन करके अपने अन्य साथियों— इंद्रजीत, आदेश और दीपक को भी मौके पर बुला लिया।

आरोपियों ने लामबंद होकर मनीष भाटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार और शोर सुनकर जब मनीष के पिता सत्यप्रकाश और उनकी पत्नी मौके पर बीच-बचाव करने पहुंचे, तो दबंगों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन दोनों पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल से प्राथमिक उपचार कराने के बाद पीड़ित मनीष भाटी ने दादरी कोतवाली पहुंचकर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने विकास, इंद्रजीत, आदेश और दीपक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *