नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से दोस्ती कर लोगों को ठगने और उनके कीमती सामान चोरी करने वाले एक गिरोह का नोएडा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना सेक्टर-126 पुलिस ने एक ऐसी शातिर महिला को गिरफ्तार किया है जो डेटिंग ऐप पर जाल बिछाकर युवकों को बुलाती थी और फिर नशीला पदार्थ या शराब पिलाकर उनके गहने और नकदी लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस ने महिला के साथ उसके उस साथी को भी गिरफ्तार किया है जो चोरी के आभूषण बेचने का काम करता था।
सुपरनोवा बिल्डिंग में बिछाया था जाल
घटना 07 अप्रैल 2026 की है। एक युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि डेटिंग ऐप के जरिए उसकी मुलाकात तनु वर्मा नाम की महिला से हुई थी। महिला ने उसे मिलने के बहाने सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा स्पायरा बिल्डिंग में बुलाया। वहां बातचीत के दौरान महिला ने युवक को अत्यधिक मात्रा में शराब पिला दी। जब युवक नशे की हालत में सुध-बुध खो बैठा, तो महिला उसके गले से सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और करीब 27 हजार रुपये नकद लेकर चंपत हो गई।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-126 थाना पुलिस ने जांच शुरू की। लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 08 अप्रैल को सेक्टर-94 अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सीता चक्रवर्ती उर्फ तनु वर्मा उर्फ माया: यह महिला पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और वर्तमान में दिल्ली के पहाड़गंज में रह रही थी।
सागर चौहान: यह महिला का सहयोगी है जो गाजियाबाद का रहने वाला है।
पकड़ी गई महिला ‘माया’ ने पूछताछ में बताया कि वह विभिन्न डेटिंग ऐप्स पर फर्जी नाम से प्रोफाइल बनाकर और अपना नंबर साझा कर अकेले व्यक्तियों को निशाना बनाती थी। दोस्ती और विश्वास जीतने के बाद वह उन्हें मिलने बुलाती थी। जैसे ही शिकार नशे की हालत में होता, वह लूट की वारदात को अंजाम देती थी। उसका साथी सागर चौहान इन चोरी के गहनों को बाजार में ठिकाने लगाता था और प्राप्त रकम को दोनों आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 01 सोने की चेन, 01 सोने की अंगूठी और 13,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

