नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ : नोएडा के सेक्टर-63 में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक 19 वर्षीय युवती अपनी मां से नाराज होकर एक ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद अग्निशमन विभाग ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से युवती को सकुशल नीचे उतारा, तब जाकर प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली।
क्या है पूरा मामला?
मूल रूप से महाराजगंज के चौक बाजार की रहने वाली यह युवती पिछले तीन वर्षों से नोएडा के चोटपुर गांव में रह रही है। जानकारी के अनुसार, युवती पहले एक फैक्ट्री में काम करती थी, लेकिन कुछ दिनों पहले ही उसने अपनी नौकरी छोड़ दी थी। इसी बात को लेकर गुरुवार सुबह उसकी मां ने उसे डांट दिया था। मां की डांट से आहत होकर युवती घर से निकली और सेक्टर-63 के जे-ब्लॉक स्थित एक मोबाइल टावर के शिखर पर पहुंच गई।
पुलिस और फायर यूनिट का ‘रेस्क्यू ऑपरेशन’
टावर पर युवती को देख लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर यूनिट को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का उपयोग कर अत्यंत सावधानी से युवती तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
नीचे उतारने के बाद पुलिस ने युवती के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उससे संवाद स्थापित किया। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि वह पारिवारिक समस्याओं और नौकरी छूटने के कारण गहरे मानसिक तनाव में थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और वर्तमान में उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है ताकि वह दोबारा ऐसा आत्मघाती कदम न उठाए।

