दीपिका नागर हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीसरा आरोपी विनोद भी गिरफ्तार; लोकल इंटेलिजेंस की मदद से दबोचा, अन्य की तलाश जारी

ग्रेटर नोएडा के दीपिका नागर हत्याकांड में पुलिस को मिली एक और बड़ी सफलता। लोकल इंटेलिजेंस की मदद से तीसरा आरोपी विनोद गिरफ्तार। पति और ससुर पहले ही जा चुके हैं जेल।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
दीपिका नागर हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीसरा आरोपी विनोद भी गिरफ्तार; लोकल इंटेलिजेंस की मदद से दबोचा, अन्य की तलाश जारी

ग्रेटर नोएडा (भारतीय टॉक न्यूज़):  ग्रेटर नोएडा वेस्ट के जलपुरा गांव में हुई नवविवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध दहेज हत्या के मामले में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इकोटेक तृतीय थाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस खौफनाक वारदात में नामजद तीसरे आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने जाल बिछाकर दबोचा

पुलिस मीडिया सेल द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, बुधवार (20 मई 2026) को इकोटेक तृतीय थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय लोकल इंटेलिजेंस (स्थानीय मुखबिर तंत्र) की सटीक सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए इस मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त विनोद पुत्र जयचंद (निवासी जलपुरा) को थाना क्षेत्र से ही धर दबोचा।

दीपिका नागर हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीसरा आरोपी विनोद भी गिरफ्तार; लोकल इंटेलिजेंस की मदद से दबोचा, अन्य की तलाश जारी

आरोपी विनोद के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 188/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 80(2) और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश किया है।

पति और ससुर पहले ही जा चुके हैं जेल, अब विनोद की बारी

गौरतलब है कि बीते रविवार (17 मई 2026) की रात को जलपुरा गांव में बीए-बीएड पास होनहार बेटी दीपिका नागर की दहेज के लालच में प्रताड़ित कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। इस मामले में मृतका के पिता संजय नागर (निवासी कुड़ी खेड़ा गांव) ने पति और ससुर समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस इस केस में मुख्य आरोपी पति रितिक और ससुर मनोज को घटना के तुरंत बाद ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब तीसरे आरोपी विनोद की गिरफ्तारी से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है।

बाकी बचे 4 आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द: पुलिस

हाल ही में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया था कि मौत से पहले दीपिका के साथ कितनी बेरहमी और बर्बरता की गई थी, जिसके कारण उसकी तिल्ली (Spleen) तक फट गई थी। मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अब बाकी बचे आरोपियों पर भी शिकंजा कस रही है।

इकोटेक तृतीय पुलिस का कहना है कि इस मामले में नामजद बाकी के अन्य वांछित अभियुक्त भी पुलिस के डर से भागे-भागे फिर रहे हैं। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही बचे हुए सभी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

 

दीपिका नागर हत्याकांड और पुलिस कार्रवाई की हर पल की पल-पल की लाइव अपडेट के लिए पढ़ते रहें Bharatiya Talk News।

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *