ग्रेटर नोएडा का साजन भाटी हत्याकांड: साकीपुर मर्डर केस में 2 और सगे भाई गिरफ्तार; अब तक कुल 8 आरोपी पहुंचे जेल

ग्रेटर नोएडा के साकीपुर में हुए साजन भाटी मर्डर केस में सूरजपुर पुलिस का बड़ा एक्शन। दो सगे भाई गौरव और मनीष ईएनटी बंद रास्ते से गिरफ्तार। अब तक कुल 8 जेल रवाना।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
ग्रेटर नोएडा का साजन भाटी हत्याकांड: साकीपुर मर्डर केस में 2 और सगे भाई गिरफ्तार; अब तक कुल 8 आरोपी पहुंचे जेल

ग्रेटर नोएडा | भारतीय टॉक न्यूज़ :  थाना सूरजपुर पुलिस ने साकीपुर गांव में हुए बहुचर्चित साजन भाटी हत्याकांड में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो और वांछित सगे भाइयों को रविवार (24 मई 2026) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस 6 आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है, जिसके बाद अब कुल गिरफ्तार होने वाले आरोपियों की संख्या 8 हो गई है।

ईएनटी बंद रास्ते से हुई गिरफ्तारी

सूरजपुर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से सूचना मिली कि साजन भाटी मर्डर केस में वांछित चल रहे दो आरोपी इलाके से भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और ईएनटी (ENT) की तरफ जाने वाले बंद रास्ते से दोनों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:

1. गौरव उर्फ भोला (उम्र 21 वर्ष) पुत्र ऋषिपाल

2. मनीष उर्फ मन्नू (उम्र 19 वर्ष) पुत्र ऋषिपाल

यह दोनों आरोपी मूल रूप से ग्राम साकीपुर, थाना सूरजपुर के ही निवासी हैं और पुलिस विवेचना के दौरान इनके नाम इस हत्याकांड में प्रकाश में आए थे।

नाली और कूड़े के विवाद में हुआ था कत्ल

गौरतलब है कि बीते 5 और 6 मई 2026 की दरमियानी रात को ग्राम साकीपुर में नाली के पानी की निकासी और कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों में हिंसक विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ी कि दबंगों ने साजन भाटी नाम के युवक की गोली मारकर नृशंस हत्या कर दी थी।

घटना के बाद मृतक के चाचा की तहरीर पर सूरजपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 243/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मामले में धारा 61(2) BNS (आपराधिक साजिश) की भी बढ़ोतरी की गई है।

सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल 6 आरोपियों (वीर सिंह, मंगेश उर्फ टिल्लू, वीरमती, नैमपाल आदि) को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। ताजा कार्रवाई में दो और मुख्य आरोपियों गौरव और मनीष को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और इस वारदात में शामिल अन्य किसी भी संदिग्ध को बख्शा नहीं जाएगा।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *