Greater Noida/ भारतीय टॉक न्यूज़: ग्रेटर नोएडा के निवासियों का सार्वजनिक परिवहन और जेवर एयरपोर्ट (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) तक सीधे कनेक्टिविटी का लंबा इंतजार आज खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर आधुनिक इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा का भव्य शुभारंभ किया।
ग्रेटर नोएडा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में दादरी के विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) एनजी रवि कुमार ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गौतमबुद्ध नगर को मिली इलेक्ट्रिक बसों की सौगात!
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर ई-बस सेवा का शुभारंभ किया। पहले चरण में 44 बसें सड़कों पर उतर चुकी हैं, जबकि 15 जून के बाद 100 ई-बसों का संचालन होगा। @tejpalnagarMLA @OfficialGNIDA @myogiadityanath pic.twitter.com/mgySRSgUih
— BT News |Bharatiya Talk| (@BharatiyaTalk) June 12, 2026
तीनों प्राधिकरणों और परिवहन विभाग का संयुक्त प्रयास
प्रदेश स्तर पर आयोजित इस मेगा लॉन्चिंग के तहत कुल 45 इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की गई है। इनमें से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्रों को 11-11 बसें मिली हैं, जबकि 12 बसें लखनऊ के लिए रवाना की गई हैं। यह महत्वाकांक्षी परियोजना तीनों प्राधिकरणों और उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के साझा प्रयासों से धरातल पर उतरी है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) प्रेरणा सिंह ने बताया कि आगामी 15 जून से जेवर एयरपोर्ट के लिए प्रत्येक घंटे बस सेवा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ किराए को भी बेहद किफायती रखा गया है:
🔸न्यूनतम किराया:** ₹20
🔸अधिकतम किराया: ₹50 (दूरी के हिसाब से ₹20, ₹30 और ₹50 तय)
ये सभी 25 बसें (ग्रेटर नोएडा को मिली सौगात) पूरी तरह से वातानुकूलित (AC) और पर्यावरण-अनुकूल हैं। बैटरी से चलने के कारण इनसे बिल्कुल भी प्रदूषण नहीं होगा। आधुनिक सुख-सुविधाओं से लैस इन बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और अन्य आपातकालीन सुविधाएं दी गई हैं। इन बसों का कुछ चुनिंदा रूटों पर पहले ही सफल ट्रायल किया जा चुका है।
“ग्रेटर नोएडा के नागरिकों की लंबे समय से सिटी बस सेवा की मांग थी, जो आज पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में यह संभव हुआ है। इन पर्यावरण-अनुकूल बसों से प्रदूषण कम होगा और लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।: तेजपाल नागर, विधायक (दादरी)
इन 4 प्रमुख रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें (रूट चार्ट)
ग्रेटर नोएडा के विभिन्न गांवों, सेक्टरों और प्रमुख सोसायटियों को जोड़ते हुए जेवर एयरपोर्ट तक जाने के लिए 4 रूट तय किए गए हैं:
| रूट नंबर | प्रमुख स्टॉपेज और मार्ग | कुल दूरी | स्टॉपेज संख्या |
|---|---|---|---|
| रूट – 1 | चार मूर्ति, डी मार्ट, बिसरख मोड, ऐस सिटी, खेड़ा चौगानपुर चौक, केंद्रीय भंडार निगम चौक, पुलिस लाइन, यामाहा कट, सूरजपुर टी पॉइंट, कलेक्ट्रेट, जगत फार्म, परी चौक, गौतमबुद्ध नगर यूनिवर्सिटी, दनकौर, मिर्जापुर, खेड़ा मोड़ , फलैंदा, दयानतपुर, जेवर कट, साबौता और रामनेर होते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक। | 68 किमी | 23 स्टॉपेज |
| रूट – 2 | चार मूर्ति, डी मार्ट, बिसरख मोड़ , ऐस सिटी, खेड़ा चौगानपुर चौक, केंद्रीय भंडार निगम चौक, police line, यामाहा कट, सूरजपुर टी पॉइंट, सूरजपुर पुलिस चौकी, देवला तिलपता रोटरी, पैरामाउंट गोल्फ मार्ट, मकौड़ा रोटरी, ओमिक्रोन- 3, ओमिक्रोन वन, सुपरटेक जार, सिरसा रोटरी, कासना, जिम्स हॉस्पिटल, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर, गौड़ यमुना सिटी, दयानतपुर, जेवर कट, साबौता और रामनेर होते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक। | 82 किमी | 32 स्टॉपेज |
| रूट – 3 | मकौड़ा रोटरी, एटीएस डोल्से, गामा- 2, डीपीएस रोटरी, एलजी रोटरी, शारदा हॉस्पिटल, नासा पार्किंग, एक्सपो मार्ट, अंसल गोल्फ लिंक, पी-7 रोटरी, आम्रपाली, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर, मिर्जापुर गौड़ यमुना सिटी, रौनीजा, रबूपुरा मोड़, फलैंदा कट, दयानतपुर, जेवर कट, साबौता और रामनेर होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक। | 55 किमी | 23 स्टॉपेज |
| रूट – 4 | सेक्टर ईकोटेक 16, वैभव हेरीटेज सोसायटी, एक मूर्ति चौक, गैलेक्सी रोटरी, मिलक लच्छी, राजेश पायलट चौक, स्पर्श ग्लोबल स्कूल, तिलपता रोटरी, पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्टे, मकौड़ा रोटरी, ओमिक्रोन-3 मिग्सन अल्टिमो सोसाइटी , सेक्टर 36, ऐच्छर विलेज, स्वर्णनगरी, यथार्थ हॉस्पिटल, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर, मिर्जापुर/ गौड़ सिटी यमुना, रौनीजा, रामपुर मोड़ , फलैंदा कट, दयानतपुर, जेवर कट, साबौता और रामनेर होते हुए एयरपोर्ट/ किशोरपुर तक। | 74 किमी | 27 स्टॉपेज |
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस ऐतिहासिक शुरुआत के दौरान विधान परिषद सदस्य श्रीचन्द शर्मा, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रविकुमार, एसीईओ एस.के. सिंह, एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ लक्ष्मी वी.एस, और अर्बन सर्विसेज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सनी यादव सहित प्राधिकरण के तमाम अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भारी संख्या में उपस्थित रहे। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले समय में यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों के बेड़े में और भी इजाफा किया जाएगा।

