नोएडा-ग्रेनो में मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन: नामी मसाला कंपनियों पर खाद्य विभाग का छापा, 18 सैंपल जांच के लिए भेजे; जेवर में 2600 किलो से ज्यादा हल्दी-मिर्च सीज

गौतम बुद्ध नगर खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन। नोएडा-ग्रेनो की मसाला कंपनियों से 18 सैंपल जांच के लिए भेजे। जेवर के जहांगीरपुर में दस्तावेज न होने पर 2600 किलो से अधिक हल्दी-मिर्च सीज।

Partap Singh Nagar
4 Min Read
नोएडा-ग्रेनो में मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन: नामी मसाला कंपनियों पर खाद्य विभाग का छापा, 18 सैंपल जांच के लिए भेजे; जेवर में 2600 किलो से ज्यादा हल्दी-मिर्च सीज

गौतम बुद्ध नगर | भारतीय टॉक न्यूज़ :  जनपद वासियों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और घटिया खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है। आयुक्त (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश) और जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर के कड़े निर्देशों पर जिले में एक बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके तहत नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र की कई नामी मसाला निर्माण और पैकिंग इकाइयों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।

इस बड़ी कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अलग-अलग कंपनियों से मसालों के कुल 18 नमूने (सैंपल्स) एकत्र कर सरकारी प्रयोगशाला भेजे हैं। वहीं, जेवर तहसील के जहांगीरपुर में पर्याप्त दस्तावेज न मिलने पर 2600 किलोग्राम से अधिक खुली हल्दी और कश्मीरी मिर्च को मौके पर ही सीज कर दिया गया है।

जेवर में 2.6 टन से अधिक मसाला सीज, मची खलबली

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (द्वितीय) के सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आम जनता को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण मसाले उपलब्ध कराने के लिए यह कार्रवाई की गई है।

अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवींद्र नाथ वर्मा की टीम ने जेवर तहसील के जहांगीरपुर स्थित ‘एसपीआर स्पाइसेस एंड सीज़निंग प्रा० लि०’ मसाला पैकिंग इकाई पर छापा मारा। टीम ने यहाँ से खुली कश्मीरी मिर्च और हल्दी पाउडर (खुला व पैक्ड) के नमूने लिए। इसके अलावा, मौके पर भारी मात्रा में बाहर से पैकिंग के लिए मंगाई गई 2,479 किलोग्राम हल्दी पाउडर और 199 किलोग्राम खुली कश्मीरी मिर्च रखी मिली। इनके निर्माण और खरीद से जुड़े कोई भी कानूनी दस्तावेज व अभिलेख मौके पर न मिलने के कारण खाद्य विभाग की टीम ने इस पूरे स्टॉक (कुल 2,678 किलो) को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा की इन बड़ी इकाइयों पर गिरे सैंपल्स

खाद्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने जिले के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित मसाला निर्माण इकाइयों को खंगाला:

सेक्टर-57, नोएडा: खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. पाण्डेय ने ‘टुडे इंडस्ट्रीज प्रा० लि०’ मसाला इकाई से साबुत हल्दी और हल्दी पाउडर का 01-01 नमूना लिया।

कासना, ग्रेटर नोएडा: खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह ने ‘काव्यम फूड्स’ इकाई पर छापेमारी कर लाल मिर्च पाउडर, साबुत लाल मिर्च, धनिया पाउडर और साबुत धनिया के 01-01 नमूने संग्रहित किए।

इकोटेक-3, ग्रेटर नोएडा:  खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने ‘के.डी. फूड्स स्पेशलिटीज’ से खुली व पैक्ड लाल मिर्च पाउडर के 01-01 सैंपल लिए।

सेक्टर-73, नोएडा:  खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने ‘अभि प्योर’ ब्रांड मसाले की निर्माण इकाई से खुले और पैक्ड धनिया पाउडर के 01-01 सैंपल भरे।

इकोटेक-6, ग्रेटर नोएडा: खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती की टीम ने यहाँ दो बड़ी कंपनियों पर कार्रवाई की। उन्होंने ‘नुइवी स्पाइसेस प्रा० लि०’ से हल्दी पाउडर व साबुत हल्दी के सैंपल लिए। इसके साथ ही, प्रसिद्ध समूह ‘धर्मपाल सत्यपाल फूड्स लि०’ (DS Group) की इकाई से साबुत धनिया, खुला धनिया पाउडर और पैक्ड धनिया पाउडर का 01-01 नमूना जांच के लिए लिया।

लैब रिपोर्ट आते ही दर्ज होगा मुकदमा, अभियान रहेगा जारी

सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि प्रयोगशाला (लैब) से जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी मसाले में मिलावट या मानकों में कमी पाई गई, तो संबंधित कंपनी और उसके मालिकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम (FSSAI) के तहत कठोर विधिक कार्रवाई और भारी जुर्माने का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी बिना किसी ढील के लगातार जारी रहेगा।

 

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *