ग्रेटर नोएडा, भारतीय टॉक न्यूज़: वन्यजीवों के अंगों की अवैध तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ गौतमबुद्धनगर पुलिस और वन विभाग ने मिलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बिसरख पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर प्रतिबंधित हाथी दांत (Ivory) की तस्करी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को दबोच लिया है।
पकड़े गए तस्करों के पास से बरामद हुए हाथी दांत का वजन करीब 1450 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार को बिसरख पुलिस और वन विभाग की टीम को लोकल इंटेलिजेंस के जरिए वन्यजीव तस्करी से जुड़ी एक बेहद गोपनीय सूचना मिली थी। इसी आधार पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी करते हुए ‘न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान’ के पास से दोनों अभियुक्तों को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे इस कीमती हाथी दांत की डील करने की फिराक में थे।
गिरफ्तार तस्करों की कुंडली
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों की पहचान कुछ इस तरह हुई है:
1. राजेन्द्र (उम्र 40 वर्ष): पुत्र चन्द्रपाल, मूल निवासी ग्राम रिवाड़ा (बुलन्दशहर), जो वर्तमान में बहादुरगढ़, हरियाणा में रह रहा था।
2. संदीप (उम्र 32 वर्ष): पुत्र हरीमंगल, मूल निवासी ग्राम मुडियार (बस्ती), जो वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रह रहा था।
पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी प्रतिबंधित वन्यजीवों के अंगों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से जुड़े हैं। थाना बिसरख पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की कड़े प्रावधानों (धारा 44, 48ए, 49बी, 39, 50 और 51) के तहत मु0अ0सं0- 444/2026 पंजीकृत कर लिया है।
पुलिस और वन विभाग के आला अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि आरोपियों ने यह हाथी दांत कहाँ से हासिल किया था और इसे किसे बेचा जाना था, ताकि इस रैकेट की पूरी कड़ियों को नेस्तनाबूद किया जा सके।

