ग्रेटर नोएडा/नोएडा/ भारतीय टॉक न्यूज़ : उत्तर प्रदेश शासन ने गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत अपर आयुक्त (राज्य कर) के पद पर तैनात 2018 बैच के आईएएस (IAS) अधिकारी संदीप भगिया को तत्काल प्रभाव से जिले से हटा दिया है। संदीप भगिया का नोएडा का कार्यकाल पिछले कुछ समय से लगातार विवादों और शिकायतों के साए में चल रहा था। शासन ने अब उन्हें मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया है।
संदीप भगिया की जगह अब 2020 बैच के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी एवं आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) परीक्षित खटाना को गौतमबुद्ध नगर के अपर आयुक्त (राज्य कर) की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महिला कर्मियों के उत्पीड़न और कार्यशैली पर उठे थे सवाल
आईएएस संदीप भगिया का नोएडा में बीता कार्यकाल काफी उतार-चढ़ाव भरा और चर्चा में रहा। कुछ समय पहले विभाग की ही कुछ महिला कर्मचारियों ने उन पर गंभीर उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। हालांकि, शासन स्तर पर हुई एक उच्च स्तरीय जांच में उन्हें इन आरोपों से क्लीन चिट (मुक्त) दे दी गई थी, जिसके बाद शिकायत करने वाली कुछ महिला कर्मियों का ट्रांसफर भी कर दिया गया था।
60 कर्मचारियों ने सीधे मुख्यमंत्री योगी से की थी शिकायत
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद यहीं नहीं थमा। हाल ही में राज्य कर विभाग के करीब 60 कर्मचारियों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव एसपी गोयल को एक सामूहिक शिकायत पत्र भेजा था। इस पत्र में आईएएस अधिकारी की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाते हुए शासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की गई थी।
कर्मचारियों का आरोप था कि:
🔸 अधिकारी के सख्त और विवादित रवैये के कारण विभाग के अधिकारियों व मातहत कर्मचारियों में मानसिक तनाव चरम पर पहुंच रहा है।
🔸 शिकायत पत्र में एक हालिया घटना का भी जिक्र किया गया था, जिसके मुताबिक बीते 14 जून को विभाग की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी।
🔸आरोप है कि इस बैठक में संदीप भगिया की भारी फटकार के बाद वहां मौजूद अधिकारी वेद प्रकाश सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े थे।
इस घटना के बाद से ही कर्मचारियों का गुस्सा लगातार सुलग रहा था। मामला सीधे मुख्यमंत्री दरबार और मुख्य सचिव तक पहुंचने के बाद शासन ने संज्ञान लिया और जिले में कानून व्यवस्था व कार्य संस्कृति को सुचारु रखने के लिए यह ट्रांसफर ऑर्डर जारी कर दिया। अब नए अपर आयुक्त परीक्षित खटाना के सामने विभाग में दोबारा तालमेल बिठाने की बड़ी चुनौती होगी।
उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी और प्रशासनिक फेरबदल से जुड़ी हर अंदरूनी व सटीक ख़बर के लिए बने रहिए ‘भारतीय टॉक न्यूज़’ (bharatiyatalknews.com) के साथ।

