भारतीय टॉक न्यूज़ (Bharatiya Talk News)
गौतमबुद्धनगर, 14 जुलाई 2026 : भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वर्ष 2020 बैच के तेजतर्रार अधिकारी परीक्षित खटाना ने मंगलवार को अपर आयुक्त राज्य कर, गौतमबुद्धनगर (नोएडा) जोन के पद का कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद वे एक्शन मोड में नजर आए और उन्होंने राज्य कर विभाग के आला अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान नए अपर आयुक्त परीक्षित खटाना ने विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर आयुक्त ने टैक्स डिपार्टमेंट की छवि को और अधिक बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा: विभाग के सभी अधिकारी आम जनता और व्यापारी वर्ग के साथ हमेशा सम्मानजनक, संवेदनशील और सहयोगपूर्ण रवैया अपनाएं। हमारी कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे लोगों के मन में विभाग के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो। हमें मिलकर विभाग की एक सकारात्मक और जनहितैषी छवि स्थापित करनी है।”
आजमगढ़ के CDO रह चुके हैं आईएएस परीक्षित खटाना
गौतमबुद्धनगर का प्रभार संभालने से पहले आईएएस परीक्षित खटाना जनपद आजमगढ़ में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर तैनात थे। आजमगढ़ में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में बेहद सराहनीय काम किया था। अब नोएडा जोन में राज्य कर विभाग की कमान मिलने के बाद राजस्व बढ़ाने और कर प्रणाली को पारदर्शी बनाने की बड़ी जिम्मेदारी उन पर होगी।

