भारतीय टॉक न्यूज़ (क्राइम डेस्क) / गौतमबुद्धनगर: एटीएम बूथों में मदद के बहाने भोले-भाले लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर लाखों की चपत लगाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का जेवर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे आरआर साइट अंडरपास के पास से घेराबंदी कर गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 103 फर्जी/चोरी के एटीएम कार्ड, 1 पीओएस/स्वैप मशीन, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किया गया है।
चोरी के कार्ड से स्वैप कर तुरंत उड़ाते थे रकम
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपराध का बेहद शातिराना तरीका उजागर किया है। आरोपी एटीएम बूथों के पास मंडराते रहते थे। जैसे ही कोई बुजुर्ग या सीधा-साधा व्यक्ति पैसे निकालने आता, आरोपी मदद के बहाने झांसा देकर उनका असली एटीएम कार्ड बदल लेते थे।
इसके बाद वे पास में रखी अपनी पीओएस (स्वाइप) मशीन के जरिए कार्ड से तुरंत पैसे निकाल लेते थे ताकि पीड़ित के संभलने तक पूरा खाता खाली किया जा सके।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी बुलंदशहर जिले के थाना सलेमपुर स्थित ग्राम चिट्टा के रहने वाले हैं:
🔸सलमान पुत्र आजाद: गिरोह का मुख्य सरगना, जिस पर आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, हापुड़, मुरादाबाद और गौतमबुद्धनगर में 17 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
🔸 अमीरूद्दीन पुत्र इमामुद्दीन: इसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित अलीगढ़, मुरादाबाद और बुलंदशहर में 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
🔸आफताब पुत्र साबिर: हापुड़, दादरी और बुलंदशहर में 5 मुकदमों में नामजद।
पुलिस का बयान: “आरोपी बेहद शातिर किस्म के अभ्यस्त अपराधी हैं। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 317(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।” — मीडिया सेल, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर
बरामदगी एक नजर में
103 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड,01 पीओएस / एटीएम स्वैप मशीन,01 अवैध तमंचा व 01 जिंदा कारतूस, 01 अवैध चाकू,

