भारतीय टॉक न्यूज़ (विशेष रिपोर्ट) /गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के राशन कोटेदारों (उचित दर विक्रेताओं) को बड़ी आर्थिक सौगात दी है। लखनऊ के लोक भवन सभागार से आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में सीधी वृद्धि करते हुए इसे ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल करने का ऐलान किया। सरकार के इस फैसले से जनपद गौतमबुद्धनगर के 361 उचित दर विक्रेताओं को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए ई-पॉस (e-PoS) आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी डिजिटल शुभारंभ किया।


कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया सजीव प्रसारण, दादरी विधायक ने दी बधाई
लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। इस दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, एडीएम (फाइनेंस) अजीत कुमार सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल सहित बड़ी संख्या में कोटेदार उपस्थित रहे।
संबोधित करते हुए दादरी विधायक तेजपाल नागर ने जिले के 361 राशन विक्रेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता गरीब जनता तक सरकारी खाद्यान्न पहुँचाने की सबसे मुख्य कड़ी हैं और लाभांश बढ़ाने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। वहीं जेवर तहसील सभागार में ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी पहाड़िया और उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की मौजूदगी में कार्यक्रम का प्रसारण देखा गया।
ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली से बढ़ेगी पारदर्शिता
कार्यक्रम के दौरान लॉन्च की गई नई ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली के जरिए राशन विक्रेता अपनी समस्याओं, डोर-स्टेप डिलीवरी से जुड़े सुझावों और वितरण प्रणाली के अनुभवों को सीधे डिजिटल माध्यम से सरकार तक पहुँचा सकेंगे।
जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रणाली से राशन वितरण में होने वाली गड़बड़ियों पर लगाम लगेगी और कोटेदारों की समस्याओं का समाधान भी तेजी से हो सकेगा।

