भारतीय टॉक न्यूज़ (क्राइम डेस्क)/ नोएडा: नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित मामूरा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार दोपहर एसआरएस (SRS) अस्पताल के पास गली नंबर-3 में 5 वर्षीय मासूम आकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक बच्चे की मां पूजा ने अपने ही पति विकास पर बेटे की कमर में जोर से घूंसा मारने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि घूंसा लगते ही बच्चा बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
कहासुनी के दौरान घटना: घूंसा मार कर मौके से फरार हुआ पिता
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शाहजहांपुर के ग्राम बड़ा बम्हैरा का मूल निवासी विकास अपनी पत्नी पूजा और बच्चों से अलग मामूरा में ही रहता है। पूजा अपने सात बच्चों (चार बेटियां और तीन बेटे) के साथ किराए के मकान में रहती है, जिसमें 5 वर्षीय आकाश पांचवें नंबर का बेटा था।
महिला के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे विकास कमरे पर आया था। किसी पारिवारिक बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और बहस होने लगी। इसी दौरान तैश में आकर विकास ने जमीन पर बैठे मासूम आकाश की कमर में जोर से घूंसा जड़ दिया। घूंसा लगते ही बच्चा अचेत होकर गिर पड़ा और घर में चीख-पुकार मच गई। आरोप है कि मासूम को अचेत देख विकास मौके से भाग निकला। मां तुरंत बच्चे को लेकर पास के एसआरएस अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपी ने आरोपों से किया इनकार
घटना की सूचना मिलते ही फेज-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शाम को मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मां पूजा की तहरीर के आधार पर आरोपी पति विकास के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी विकास ने बेटे को घूंसा मारने के आरोपों को खारिज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चे की मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस फोरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

