ग्रेटर नोएडा में डीएम के आदेश पर तुरंत एक्शन: 14 वर्षीय बीमार दिव्यांग के कमरे की बिजली-पानी कराई बहाल, प्रताड़ित करने वाले ससुरालियों को सख्त चेतावनी

ग्रेटर नोएडा के लखनवाली में दिव्यांग किशोर के कमरे की काटी गई बिजली-पानी को डीएम के निर्देश पर तुरंत बहाल कराया गया। ससुराल पक्ष पर तलाक का दबाव बनाने का आरोप।

Partap Singh Nagar
3 Min Read
ग्रेटर नोएडा में डीएम के आदेश पर तुरंत एक्शन: 14 वर्षीय बीमार दिव्यांग के कमरे की बिजली-पानी कराई बहाल, प्रताड़ित करने वाले ससुरालियों को सख्त चेतावनी

 

भारतीय टॉक न्यूज़ (विशेष रिपोर्ट) / ग्रेटर नोएडा: लखनवाली गांव में 14 वर्षीय बीमार और दिव्यांग किशोर को प्रताड़ित करने के इरादे से कमरे की बिजली और पानी काटने के मामले में सोमवार को जिलाधिकारी (DM) ने बड़ा एक्शन लिया है। कलेक्ट्रेट परिसर में मां संगीता जब अपने गंभीर रूप से बीमार बेटे को लेकर डीएम के सामने पेश हुईं, तो बच्चे की नाजुक स्थिति को देखकर जिलाधिकारी ने तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के आदेश मिलते ही पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में डीसीपी (DCP) महिला सुरक्षा ने पुलिस टीम को मौके पर भेजकर दिव्यांग के कमरे का बिजली व पानी का कनेक्शन तुरंत सुचारु कराया। साथ ही भविष्य में इस तरह की अमानवीय हरकत न करने की कड़ी हिदायत दी।

ससुरालियों पर प्रताड़ना और जबरन तलाक के दबाव का आरोप

कलेक्ट्रेट पहुँची पीड़ित मां संगीता ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनके ससुराल वालों ने पिछले कई दिनों से बेटे के कमरे की बिजली और पानी का कनेक्शन काट रखा था। पानी और बिजली के अभाव में गंभीर बीमारी से जूझ रहे मासूम की हालत दिन-ब-दिन बद से बदतर होती जा रही थी। संगीता ने बताया, “आज जब मैं अपने बेटे को लेकर डीएम साहब के समक्ष पेश हुई, तो उन्होंने बच्चे को देखा और बिना देरी किए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कनेक्शन बहाल करा दिया है।”

वहीं मौके पर मौजूद संगीता के भाई अरुण ने बताया कि करीब 22 साल पहले उनकी बहन की शादी लखनवाली गांव निवासी जितेंद्र से हुई थी। आरोप है कि दिव्यांग बच्चा पैदा होने के कारण पति और ससुराल के अन्य लोग संगीता पर लगातार तलाक देने का दबाव बना रहे हैं। इसी रंजिश में बहन और भांजे के साथ लंबे समय से अमानवीय व्यवहार किया जा रहा था। पीड़ित परिवार ने बताया कि वे कई दिनों से पुलिस-प्रशासन के चक्कर काट रहे थे, लेकिन सोमवार को जिलाधिकारी द्वारा लिए गए त्वरित संज्ञान और मानवीय कार्रवाई से वे बेहद संतुष्ट हैं।

Spread the love
Share This Article
Follow:
समाज, राजनीति और क्राइम पर पैनी नजर– सब कवर! सच्चाई उजागर, मिथक तोड़ता हूं |
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *