भारतीय टॉक न्यूज़ (क्राइम डेस्क)/ ग्रेटर नोएडा: कासना कस्बे में शनिवार देर रात पिस्तौल की मैगजीन निकालने के दौरान अचानक गोली चलने से 16 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजनों ने घायल किशोर को ‘जिम्स’ (GIMS) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया। कासना कोतवाली पुलिस ने रविवार को पीड़ित के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल के साथ दबोच लिया है।
नाई का काम करता है पीड़ित, परिचित को लेने आया था कासना
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घायल किशोर की पहचान प्रिंस उर्फ राजा (उम्र 16 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव अटारी (थाना टप्पल, जिला अलीगढ़) का निवासी है और नाई का काम करता है। शनिवार रात प्रिंस अपने एक परिचित को लेने के लिए कासना कस्बा निवासी विकल सिंह के पास आया हुआ था।
इसी दौरान विकल सिंह अपने भतीजे शिवा की लाइसेंसी पिस्तौल को निकालकर देख रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, मैगजीन निकालने और चढ़ाने के दौरान वहां मौजूद बच्चों की वजह से विकल सिंह का ध्यान भटक गया। इसी लापरवाही में पिस्तौल से अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे पास में खड़े प्रिंस के पेट में जा लगी। गोली चलते ही मौके पर हड़कंप मच गया।
आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति करेगी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद कासना कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने पीड़ित किशोर के पिता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकल सिंह को उसके भतीजे की लाइसेंसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी (ACP) ग्रेटर नोएडा डॉ. रवि शंकर ने बताया कि घायल किशोर का अस्पताल में देर रात सफल ऑपरेशन कर दिया गया है और वर्तमान में उसकी हालत सामान्य व खतरे से बाहर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हथियार के रखरखाव में भारी लापरवाही बरतने के कारण इस लाइसेंसी पिस्तौल के लाइसेंस को निरस्त कराने के लिए आगे की सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है।

