भारतीय टॉक न्यूज़ (क्राइम डेस्क) / ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में मासूम बच्ची की नृशंस हत्या करने वाला शातिर आरोपी बलराज शनिवार, 29 अगस्त 2026 को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस जब हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद करने पहुंची थी, तभी आरोपी ने झाड़ियों में छिपाई गई पिस्टल से पुलिस टीम पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस दौरान चलाए गए कारतूस से एक हेड कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


सीसीटीवी से हुई थी पहचान, पूछताछ में खोला था राज
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में हुई बच्ची की हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया था। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी बलराज (पुत्र खेमचंद, मूल निवासी ग्राम तिलपता, थाना सूरजपुर, वर्तमान निवासी ग्राम हल्द्वानी, ईकोटेक-3) को गिरफ्तार किया गया।
कड़ाई से की गई पूछताछ में बलराज ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि उसने हत्या में प्रयुक्त चाकू डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट की झाड़ियों में छिपा रखा है।
झाड़ियों से पिस्टल निकालकर चलाई गोली, इलाज के दौरान मौत
शनिवार को पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर चाकू की बरामदगी के लिए डी पार्क चौकी के पास स्थित ग्रीन बेल्ट पहुँची। आरोपी गाड़ी से उतरा और झाड़ियों की ओर बढ़ा। उसने चाकू बरामद कराने के नाटक के दौरान झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखी गई .32 बोर की अवैध पिस्टल अचानक निकाल ली और पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी।
आरोपी की गोली लगने से थाना ईकोटेक-3 में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से आरोपी बलराज गंभीर रूप से घायल हो गया।
तत्काल दोनों घायलों (हेड कांस्टेबल और आरोपी) को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आरोपी बलराज को मृत घोषित कर दिया। घायल हेड कांस्टेबल रवि कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद, आपराधिक इतिहास की जांच जारी
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल और मृत आरोपी के कब्जे से 01 अवैध पिस्टल .32 बोर, 03 खोखा कारतूस तथा 02 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बलराज के पुराने आपराधिक इतिहास और अन्य मुकदमों की बारीकी से जांच की जा रही है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

